नौगांव में 5 सितंबर को दो भैंस चोरी कर पिकअप से भागे थे आरोपी, ग्रामीणों के जागने पर वाहन और भैंस छोड़कर हुए थे फरार, पुलिस पूछताछ में साथियों के नाम भी सामने आने का दावा
बरेली : यूपी के बरेली देहात के मीरगंज थाना क्षेत्र में भैंस चोरी के मामले में वांछित दो आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई।पुलिस के मुताबिक, गुरुवार देर रात भाखड़ा नदी पुल के पास नौगवा जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी के दौरान संदिग्ध बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके दूसरे साथी को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उस्मान निवासी खेमपुर, थाना अजीमनगर, रामपुर और रईस निवासी महेशपुरा, थाना भोट, रामपुर के रूप में की है। घायल उस्मान को उपचार के लिए सीएचसी मीरगंज भेजा गया।पुलिस ने दोनों के कब्जे से अलग-अलग बोर के दो तमंचे, कारतूस, नकदी और मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है।
5 सितंबर को नौगांव से चोरी हुई थीं दो भैंस
पुलिस के अनुसार, मामला 5 सितंबर 2026 का है। तड़के करीब तीन बजे बदमाश नौगांव में पहुंचे और दो भैंस चोरी कर पिकअप में लादकर ले जाने लगे।इसी दौरान ग्रामीणों को भनक लग गई और उनकी नींद खुल गई। ग्रामीणों के जागने पर बदमाश घबरा गए और भैंसों के साथ पिकअप वाहन भी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। इस घटना के बाद मीरगंज पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। इसी क्रम में गुरुवार देर रात पुलिस टीम को संदिग्ध बदमाशों के क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली।
भाखड़ा नदी पुल के पास पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, टीम ने भाखड़ा नदी पुल के पास नौगवा जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की।रात करीब 2:25 बजे दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोप है कि दोनों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक गोली उस्मान के दाहिने पैर में लगी। गोली लगने के बाद वह मौके पर गिर गया और पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। वहीं पुलिस ने घेराबंदी कर उसके साथी रईस को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों से तमंचे और कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी उस्मान के पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 300 रुपये नकद और वीवो मोबाइल बरामद किया गया। वहीं दूसरे आरोपी रईस के पास से 12 बोर का तमंचा, जिसमें एक राउंड फंसा हुआ था, एक जिंदा कारतूस, 250 रुपये नकद और ओप्पो मोबाइल बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
पूछताछ में भैंस चोरी की घटना कबूल करने का दावा
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने 5 सितंबर को नौगांव से दो भैंस चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक,आरोपियों ने बताया कि ग्रामीणों के जाग जाने के बाद वे भैंस और पिकअप छोड़कर मौके से भाग गए थे। पुलिस का यह भी दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना में शामिल कुछ अन्य साथियों के नाम बताए हैं। अब पुलिस इन कथित साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पिकअप और दोनों भैंस पहले ही हो चुकी थीं बरामद
भैंस चोरी की घटना में इस्तेमाaल की गई पिकअप संख्या UP 23 AT 1609 और दोनों भैंस पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है। इस संबंध में मीरगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 445/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर फायरिंग और आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
