बरेली : सावन माह की कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को बरेली सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता कर बताया कि जिले में कांवड़ यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार जिले से 7 हजार से अधिक कांवड़ जत्थे विभिन्न शिवधामों के लिए रवाना होंगे। यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक, तैयारियों का जायजा
मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर डीएम अविनाश सिंह,मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता समेत अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। बैठक में यात्रा मार्गों की स्थिति, बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि किसी भी श्रद्धालु को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
7 हजार से ज्यादा कांवड़ जत्थे होंगे रवाना, प्रमुख मंदिरों पर तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट
मंत्री ने बताया कि इस वर्ष बरेली जिले से करीब 7 हजार कांवड़ जत्थे यात्रा पर निकलेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी प्रमुख शिव मंदिरों और महत्वपूर्ण स्थानों पर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी रखेंगी, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
सोशल मीडिया पर रहेगी नजर, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
धर्मपाल सिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान यदि कहीं भी किसी प्रकार की समस्या सामने आती है, तो प्रशासन तत्काल कार्रवाई कर श्रद्धालुओं की मदद करेगा। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सपा पर साधा निशाना, योगी सरकार की व्यवस्थाओं का किया जिक्र
प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री धर्मपाल सिंह ने समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले कांवड़ यात्रियों पर लाठियां चलाई जाती थीं, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में कांवड़ियों का फूल बरसाकर स्वागत किया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता यह है कि हर श्रद्धालु सुरक्षित और सकुशल अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर अपने घर लौटे।
