‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर रेलवे सुरक्षा बल बैंड की देशभक्ति प्रस्तुतियां, सेल्फी प्वाइंट पर यात्रियों और रेलकर्मियों ने दिखाया उत्साह
बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर मंडल में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और ‘वंदे मातरम्’ गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को इज्जतनगर रेलवे स्टेशन पर देशभक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) प्रशिक्षण केंद्र, गोरखपुर के बैंड दल ने ‘वंदे मातरम्’ सहित कई देशभक्ति गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर स्टेशन परिसर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में इज्जतनगर मंडल के सहायक मंडल सुरक्षा आयुक्त मोहम्मद असलम, रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक, आरपीएफ के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में यात्रियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्टेशन पर बना विशेष सेल्फ प्वाइंट
इस आयोजन के दौरान स्टेशन परिसर में विशेष सेल्फ प्वाइंट भी बनाया गया, जहां रेलकर्मियों और यात्रियों ने तिरंगे के साथ तस्वीरें खिंचवाकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति अपना समर्थन और देशभक्ति का संदेश दिया।रेल प्रशासन के अनुसार इस कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों और रेलकर्मियों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील
कार्यक्रम के माध्यम से सभी से अपील की गई कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और स्वतंत्रता के राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह के साथ मनाएं। आयोजन के दौरान पूरे स्टेशन परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
