देवरनियां पुलिस की चेकिंग में पकड़े गए आरोपी, मास्टर चाबी से बाइक चोरी कर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेचने का खुलासा, तीसरा साथी बाइक मिस्त्री,पुलिस कर रही तलाश
बरेली : यूपी के बरेली देहात की देवरनियां थाना पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक कथित अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर पांच चोरी की बाइक, पांच चाबियों का गुच्छा, जिसमें मास्टर की, एक मोबाइल फोन और 2,110 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामद बाइक के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक ने खोला राज
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त 2026 को देवरनियां पुलिस टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था, गश्त और संदिग्ध व्यक्ति/वाहन की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कनमन-इटौआ मार्ग पर पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को रोककर उस पर सवार दो लोगों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक दोनों युवक वाहन के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम फुरकान पुत्र शब्बू खां, निवासी मोहल्ला शाहूकारा, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर और छोटे पुत्र रफीउल्ला, निवासी मोहल्ला शेखूपुरा, थाना एवं कस्बा शीशगढ़, जनपद बरेली बताया। पुलिस ने ई-चालान एप के जरिए मोटरसाइकिल की जांच की तो वाहन के चोरी होने की जानकारी सामने आई। इस संबंध में थाना देवरनियां में मु0अ0सं0 227/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज होना पाया गया।
पूछताछ में तीन सदस्यीय गिरोह का दावा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उनका तीन लोगों का गिरोह है। वे मास्टर चाबी की मदद से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद बाइक को क्षेत्र में स्थित एक खाली पड़े ईंट-भट्ठे के खंडहरनुमा मकान में छिपाकर रखते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने यह भी बताया कि गिरोह का तीसरा सदस्य शाने आलम पुत्र बहार अनवर, निवासी शेखूपुरा, शीशगढ़, बाइक मिस्त्री है।आरोपियों के कथित बयान के अनुसार चोरी की कुछ बाइक के चेसिस नंबर मिटाकर और पहचान छिपाकर उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई जाती थी। इसके बाद उन्हें बेचने का प्रयास किया जाता था। जो बाइक नहीं बिकती थीं, उन्हें काटकर कबाड़ में बेचने की बात भी सामने आई है।
खंडहरनुमा मकान से चार बाइक बरामद
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों की निशानदेही पर कनमन से इटौआ की ओर जाने वाले रास्ते पर स्थित एक खाली पड़े ईंट-भट्ठे के खंडहरनुमा मकान से चार और चोरी की बाइक बरामद की गईं। इनमें से एक बाइक की डिग्गी से मोबाइल फोन भी बरामद होने की बात प्रेस नोट में कही गई है। इस तरह पुलिस ने कुल पांच चोरी की बाइक बरामद की हैं। बरामद वाहनों के वास्तविक स्वामियों की जानकारी जुटाने और वाहनों की पहचान सत्यापित करने की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।
तीसरे आरोपी की तलाश
पुलिस के अनुसार इस मामले में तीसरे आरोपी शाने आलम की भूमिका भी सामने आई है। उसके खिलाफ भी थाना देवरनियां में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है।
फुरकान पर पहले से कई मुकदमे दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी फुरकान के खिलाफ रामपुर और बरेली में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आयुध अधिनियम, धोखाधड़ी, कूटरचना और चोरी से संबंधित मुकदमों का उल्लेख किया गया है। वहीं आरोपी छोटे के खिलाफ भी थाना किला, बरेली में पूर्व का मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
यह सामान आरोपियों से बरामद
आरोपियों से 05 चोरी की बाइक, 05 चाबियों का गुच्छा, मास्टर की सहित, 01 मोबाइल फोन, 2,110 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बरामद मोटरसाइकिलों और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों के संबंध में जांच जारी है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
