किला रोड पर बाइक से घर लौट रहा था अनीस कुरैशी,प्रतिबंध के बावजूद जानलेवा मांझे की बिक्री पर सवाल
बरेली : प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा बरेली की सड़कों पर लोगों के लिए जानलेवा बना हुआ है। शनिवार दोपहर किला रोड पर सिटी श्मशान भूमि के पास बाइक से घर लौट रहे एक युवक की गर्दन चाइनीज मांझे की चपेट में आकर बुरी तरह कट गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
फैक्ट्री से घर लौटते समय हुआ हादसा
शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र के तिलियापुर निवासी अनीस कुरैशी शनिवार दोपहर करीब तीन बजे मारिया फ्रोजन फैक्ट्री से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बताया गया कि किला रोड पर सिटी श्मशान भूमि के पास सहगल होटल के सामने अचानक हवा में लटका चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। बाइक की रफ्तार के बीच मांझा गर्दन में फंसते ही गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद अनीस बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और उनकी गर्दन से खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें सड़क पर घायल हालत में देखा तो मदद के लिए दौड़े और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
प्रतिबंध के बावजूद नहीं थम रहे हादसे
बरेली में चाइनीज मांझे से लोगों के घायल होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, पिछले करीब तीन महीनों में लगभग दर्जनभर लोग इसकी चपेट में आकर घायल हो चुके हैं। शनिवार को हुई घटना ने एक बार फिर प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बाइक सवारों के लिए खतरा
चाइनीज मांझा राहगीरों, बाइक सवारों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। इसके बावजूद यदि प्रतिबंधित मांझा बाजार में पहुंच रहा है और खुलेआम इस्तेमाल हो रहा है तो इसकी बिक्री और आपूर्ति के स्रोतों पर कार्रवाई की जरूरत है। फिलहाल, घायल अनीस का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
