कैंट में साईं बारात घर के पास वारदात, कुंडल खींचने से महिला का कान कटा और खून निकला, पति की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बरेली : शहर के कैंट थाना क्षेत्र में सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बना लिया।आरोप है कि बदमाश पीछे से आए और महिला के कान पर झपट्टा मारकर कुंडल खींच लिया। कुंडल इतनी जोर से खींचा गया कि महिला के कान में गंभीर चोट लग गई और खून निकलने लगा। वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक से रामगंगा की ओर फरार हो गए।
साईं बारात घर के पास बदमाशों ने बनाया निशाना
सद्भावना कॉलोनी निवासी श्यामा देवी पत्नी वेद पाल सिंह फौजी के मुताबिक, वह 22 अगस्त की सुबह करीब 5:25 बजे रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थीं। वह साईं बारात घर के पास पहुंचीं, तभी पीछे से बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे।
पीछे से झपट्टा मारकर कुंडल खींचा
महिला के मुताबिक, बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक उनके कान पर झपट्टा मारा और कुंडल खींच लिया। अचानक हुए हमले से वह संभल नहीं सकीं। कुंडल खींचे जाने से उनके कान में चोट लग गई और खून निकलने लगा। महिला के शोर मचाने से पहले ही बदमाश बाइक की रफ्तार बढ़ाकर रामगंगा की ओर फरार हो गए।
चेहरा नहीं देख सकीं महिला
अचानक पीछे से हुई वारदात के कारण महिला बदमाशों का चेहरा ठीक से नहीं देख सकीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बाइक पर दो युवक सवार थे। घटना के बाद पीड़िता काफी घबरा गईं।
पति ने थाने पहुंचकर दी तहरीर
घटना के बाद महिला के पति ने कैंट थाने पहुंचकर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर में कुंडल लूटने और महिला के कान में चोट लगने की पूरी जानकारी दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के संभावित साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
