बरेली-नैनीताल हाईवे पर मोहनपुर कट के पास हादसा, परिजनों के कार से टक्कर के दावे को पुलिस ने नकारा
बरेली : यूपी के बरेली देहात के देवरनियां थाना क्षेत्र में बरेली -नैनीताल हाईवे पर मोहनपुर कट के पास सोमवार देर रात सड़क पर आई गाय को बचाने के प्रयास में बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 28 वर्षीय उमैर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी दानिश गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से उपचार के लिए बरेली भेजा, लेकिन रास्ते में उमैर ने दम तोड़ दिया। दानिश का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
खाना खाकर लौट रहे थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, रिछा कस्बे के मोहल्ला कुम्हारों, वार्ड नंबर नौ निवासी जुबैर अहमद का पुत्र उमैर और इसी मोहल्ले के माजिद पहलवान का पुत्र दानिश सोमवार रात बाइक से कठर्रा स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। खाना खाने के बाद दोनों रात करीब साढ़े दस बजे बाइक से वापस घर लौट रहे थे। बताया गया कि मोहनपुर कट के पास अचानक सड़क पर गाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में स्थित एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर में उमैर और दानिश गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के लिए बरेली ले जाते समय उमैर की मौत
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से बरेल भेजा। रास्ते में ही उमैर की मौत हो गई। वहीं दानिश को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। उमैर चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था और परचेजिंग का काम करता था। मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा, जहां देर शाम गमगीन माहौल में उसे सुपुर्द -ए-खाक कर दिया गया।
आवारा पशुओं को लेकर फिर उठे सवाल
हादसे के बाद सड़क पर घूमने वाले आवारा पशुओं को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे और ग्रामीण मार्गों पर आवारा पशुओं के घूमने से वाहन चालकों के सामने अचानक दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इस हादसे में भी पुलिस के अनुसार बाइक सवार गाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराए।
कार से एक्सीडेंट के दावे को पुलिस ने नकारा
हादसे के बाद उमैर के परिजनों की ओर से कार से टक्कर की बात कही गई थी। हालांकि, पुलिस ने इस दावे को नकारते हुए घायल दानिश के बयान के आधार पर स्थिति स्पष्ट की है।दरोगा मुकेश कुमार के मुताबिक, जिस कार से हादसा होने की बात कही जा रही थी, वह किसी अन्य वाहन से टकराई थी। पुलिस के अनुसार उमैर और दानिश की बाइक गाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराई थी। बाइक को मामूली नुकसान हुआ है। पुलिस के इस बयान के बाद हादसे की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट हुई है। फिलहाल, दानिश का उपचार जारी है और पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
