बरेली : यूपी के बरेली में रविवार को रेलवे से जुड़े दो अलग-अलग घटनाक्रम सामने आए। भोजीपुरा में बंद रेलवे फाटक का बैरियर तोड़कर ट्रैक्टर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया और गुजर रही एक्सप्रेस ट्रेन से टकरा गया। वहीं फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में ट्रेन से गिरकर एक 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। दोनों मामलों में रेलवे और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बैरियर तोड़ ट्रैक पर पहुंचा ट्रैक्टर, एक्सप्रेस ट्रेन से टक्कर
भोजीपुरा के दियोहरिया रेलवे फाटक संख्या 288C पर रविवार दोपहर करीब 12:35 बजे ट्रेन संख्या 15009 गोरखपुर –इज्जतनगर एक्सप्रेस गुजर रही थी। इसी दौरान एक ट्रैक्टर चालक बंद रेलवे फाटक का बैरियर तोड़कर ट्रैक पर पहुंच गया। जिससे ट्रैक्टर की ट्रेन से टक्कर हो गई। घटना के समय रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
केबिन मैन ने दिखाई सतर्कता
केबिन मैन गौरव सक्सेना ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन को नियंत्रित कराया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर रेलवे और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। इज्जतनगर मंडल के पीआरओ सफदर हुसैन ने बताया कि घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।
फतेहगंज पश्चिमी में ट्रेन से गिरकर बुजुर्ग की मौत
दूसरी घटना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में रविवार शाम करीब चार बजे हुई, जहां रबर फैक्ट्री के सामने ट्रेन से गिरने से करीब 60 वर्षीय गया लाल की मौत हो गई। मृतक की पहचान आधार कार्ड के आधार पर गया लाल पुत्र सोबरन, निवासी रामनगर, पोस्ट महोलिया, जनपद हरदोई के रूप में हुई। घटना की सूचना रेलवे स्टेशन मास्टर के मेमो पर पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा परिजनों को सूचना दे दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
