बरेली : भारतीय सेना ने वर्ष 2027 की अग्निवीर भर्ती के लिए विस्तृत जिलेवार कार्यक्रम जारी कर दिया है। क्षेत्रीय भर्ती कार्यालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के अधीन सेना भर्ती कार्यालय, बरेली की ओर से 14 से 30 सितंबर 2026 तक जाट रेजीमेंट सेंटर, बरेली में अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इस भर्ती रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास) श्रेणी के अभ्यर्थी शामिल होंगे। भर्ती प्रक्रिया में वही अभ्यर्थी हिस्सा ले सकेंगे, जिन्होंने 1 से 12 जून 2026 के बीच आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम यानी CEE उत्तीर्ण किया है।
14 सितंबर से जिलेवार भर्ती का आगाज
सेना भर्ती कार्यालय बरेली की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 14 सितंबर को अग्निवीर टेक्निकल के लिए बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई और संभल जिले के अभ्यर्थी शामिल होंगे।15 सितंबर को अग्निवीर टेक्निकल के लिए सीतापुर, पीलीभीत,बहराइच,बलरामपुर, श्रावस्ती और शाहजहांपुर के अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसी दिन लखीमपुर खीरी के ट्रेड्समैन 8वीं एवं 10वीं पास अभ्यर्थियों की भी भर्ती होगी। इसके बाद जनरल ड्यूटी श्रेणी के लिए जिलेवार भर्ती शुरू होगी।
किस जिले की किस दिन होगी भर्ती?
16 सितंबर को लखीमपुर खीरी और बहराइच की अग्निवीर GD, 17 सितंबर को बलरामपुर, श्रावस्ती,सीतापुर और हरदोई की बिलग्राम तहसील की अग्निवीर GD, 18 सितंबर को हरदोई जिला की अग्निवीर GD, 19 सितंबर को संभल जिले की अग्निवीर GD, 20 सितंबर को शाहजहांपुर जिले की अग्निवीर GD, 21 सितंबर को पीलीभीत और फर्रुखाबाद की कायमगंज तहसील की अग्निवीर GD, 22 सितंबर को फर्रुखाबाद की अमृतपुर,फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ तहसील की अग्निवीर GD, 23 सितंबर को बदायूं की बिल्सी,दातागंज और सहसवान तहसील की अग्निवीर GD,24 सितंबर को बदायूं की बिसौली तहसील तथा बरेली की मीरगंज, नवाबगंज और बहेड़ी तहसील अग्निवीर GD, 25 सितंबर को बरेली की फरीदपुर,बरेली और आंवला तहसील की अग्निवीर GD भर्ती होगी।
एडमिट कार्ड की तारीख पर ही पहुंचें अभ्यर्थी
सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने एडमिट कार्ड पर अंकित तारीख और समय के अनुसार ही जाट रेजीमेंट सेंटर, बरेली पहुंचें।अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी मूल शैक्षिक प्रमाणपत्र,निवास प्रमाणपत्र,पहचान संबंधी दस्तावेज और भर्ती के लिए आवश्यक अन्य दस्तावेज लेकर आने होंगे।
दलालों और एजेंटों से रहें सावधान
सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार के दलाल, एजेंट या अवैध माध्यम से दूर रहने की सलाह दी है। सेना की ओर से स्पष्ट किया गया है कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और मेरिट आधारित है। इसलिए अभ्यर्थी किसी व्यक्ति के झांसे में न आएं और भर्ती में सफलता दिलाने के नाम पर किसी को पैसे न दें।
बरेली के युवाओं के लिए अहम तारीख
बरेली जिले के अग्निवीर GD अभ्यर्थियों के लिए 25 सितंबर अहम तारीख है। इस दिन फरीदपुर, बरेली और आंवला तहसील के अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे। वहीं बरेली की मीरगंज, नवाबगंज और बहेड़ी तहसील के अभ्यर्थियों की बारी 24 सितंबर को होगी। सेना भर्ती का यह जिलेवार कार्यक्रम जारी होने के बाद अब CEE उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के बीच भर्ती रैली की तैयारियां तेज हो गई हैं। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे अपने एडमिट कार्ड में दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और निर्धारित तारीख व समय पर ही भर्ती स्थल पहुंचें।
