Bahraich News: सीएम योगी ने 352 करोड़ की 70 परियोजनाओं की दी सौगात, बोले- बहराइच अब विकास की नई पहचान
महसी में जनसभा के दौरान विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, कांग्रेस और सपा पर साधा निशाना
बहराइच: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को महसी विधानसभा क्षेत्र के तेजवापुर स्थित बेड़नापुर रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने 352 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहराइच अब आकांक्षी जनपद नहीं, बल्कि विकास की नई पहचान बन रहा है।
352 करोड़ की 70 विकास परियोजनाओं की दी सौगात
मुख्यमंत्री ने जिले के विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कहा कि इन योजनाओं से आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
महाराजा सुहेलदेव के सम्मान का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने महाराजा सुहेलदेव को वह सम्मान दिलाया, जो पूर्ववर्ती सरकारें नहीं दे सकीं। उन्होंने कहा कि सरकार ने महाराजा सुहेलदेव के नाम पर स्मारक और मेडिकल कॉलेज की स्थापना कर ऐतिहासिक विरासत को सम्मान दिया है।
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, किसान परेशान थे और भ्रष्टाचार विकास में सबसे बड़ी बाधा था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बिना भेदभाव के सुशासन के सिद्धांत पर कार्य कर रही है।
बेटी और व्यापारी की सुरक्षा पर दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया गया है। उन्होंने दोहराया कि बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों की जगह केवल “जेल या जहन्नुम” है।
वन्यजीवों से सुरक्षा के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने जिले में मगरमच्छ और तेंदुए के हमलों का जिक्र करते हुए वन विभाग और प्रशासन को जंगल से सटे गांवों में गश्त बढ़ाने, बिना दरवाजे वाले घरों में दरवाजे लगवाने और लोगों को वन्यजीवों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
फोरलेन परियोजना और शिक्षा पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाराबंकी-बहराइच फोरलेन परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने कृषि, शिक्षा और आवासीय योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार बहराइच को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।
सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थल पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, आईजी अशोक शुक्ला, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने व्यवस्थाओं की निगरानी की। जनसभा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन मौजूद रहे।
