उत्तराखंड: बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का एक हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास हादसे का शिकार हो गया। एसडीएम के अनुसार, हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे और सभी की मौत होने की सूचना है। हादसे की जानकारी मिलते ही उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा), पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गईं। खराब मौसम के बीच हेलीकॉप्टर की लोकेशन का पता लगाने और बचाव अभियान चलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
छई गांव के पास मिली हेलीकॉप्टर की लोकेशन
यूकाडा के अधिकारियों के अनुसार, बदरीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा जा रहे हेलीकॉप्टर की लोकेशन छई गांव के ऊपर स्थित सेना कैंप के पास दिखाई दी है। जोशीमठ चौकी के उपनिरीक्षक मनोहर कन्याल ने बताया कि हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट सवार थे। हादसे के बाद पायलट से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। हेलीकॉप्टर की सही लोकेशन और स्थिति का पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है। हालांकि, शुरुआती जानकारी में हेलीकॉप्टर के क्रैश होने या क्रैश लैंडिंग की स्थिति स्पष्ट नहीं थी।
खराब मौसम के बीच रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचने के प्रयास में जुट गए। खराब मौसम के कारण राहत और बचाव कार्य में चुनौतियां आ रही हैं। हेलीकॉप्टर और उसमें सवार लोगों की स्थिति का पता लगाने के लिए टीमें लगातार खोजबीन कर रही हैं।
सीएम धामी ने जताया दुख, प्रशासन को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हादसे की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जोशीमठ के नजदीक छई गांव के पास हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की ओर से संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
