रिश्तेदारी में आई 15 वर्षीय छात्रा गंगा में नहाते समय बहाव की चपेट में आई, पुलिस और प्रशासन का सर्च अभियान जारी
बदायूं: बदायूं जिले के सहसवान कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला बरन में गंगा नदी में नहाते समय 15 वर्षीय छात्रा तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गई। घटना के बाद से पुलिस, तहसील प्रशासन और गोताखोरों की टीमें छात्रा की तलाश में लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।
जानकारी के अनुसार, सविता (15) पुत्री कृपाल पासी, निवासी ग्राम कलकेरी, तहसील बिसौली, अपने रिश्तेदार बाबूराम पुत्र वीरपाल के घर ग्राम नगला बरन आई हुई थी। बुधवार शाम वह गांव के पास बह रही गंगा नदी में नहाने गई थी।
नहाते समय अचानक गंगा के तेज बहाव में छात्रा फंस गई और देखते ही देखते नदी में बह गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन बढ़े हुए जलस्तर और तेज धारा के कारण वह लापता हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और तहसील प्रशासन मौके पर पहुंच गया। गोताखोरों को नदी में उतारा गया, जबकि जल मोटर बाइक टीम की मदद से भी लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। देर रात तक छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल सका।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गोताखोरों और बचाव टीम को सर्च अभियान तेज करने के निर्देश दिए। शुक्रवार सुबह फिर से बड़े स्तर पर तलाश अभियान शुरू किया गया। मौके पर पुलिस, तहसील प्रशासन और हल्का लेखपाल कौशल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।