बदायूं : बदायूं जिले के सहसवान क्षेत्र से विकास कार्यों में अनियमितता का मामला सामने आया है, जहां ग्राम पंचायत गढ़ौलिया पट्टी तासौल उर्फ धोबिया में बन रहे नाले के निर्माण को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर घटिया सामग्री इस्तेमाल करने और निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बन रहे नाले के निर्माण में गुणवत्ता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य में सरिया और सीमेंट का सही अनुपात नहीं अपनाया जा रहा और ठेकेदार द्वारा तय मानकों के विपरीत पांच-एक के अनुपात में सीमेंट का प्रयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक इससे निर्माण कार्य की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि नाले में एक-एक फीट की दूरी पर जाल बांधा जा रहा है, जो तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह लापरवाही के साथ निर्माण कराया गया तो नाला कुछ ही समय में टूट सकता है, जिससे सरकारी धन की बर्बादी होगी और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से गांव के लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गांव के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच नहीं कराई गई और अनियमितताओं पर रोक नहीं लगी, तो वे आंदोलन और प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और ग्रामीण प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
रिपोर्ट : मुहम्मद आसिम
