बदायूं : अलापुर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। आमादपुर स्थित एक वाटर पार्क में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय मासूम हसनैन की डूबकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हसनैन अपने चाचा के साथ घूमने के लिए वाटर पार्क पहुंचा था, लेकिन कुछ ही देर में खुशियां मातम में बदल गईं। पानी में डूबने से बच्चे की हालत बिगड़ गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
सुरक्षा इंतजामों की खुली पोल, बिना लाइफ जैकेट और गोताखोर के चल रहा था पार्क
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाटर पार्क में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे। न तो बच्चों के लिए लाइफ जैकेट उपलब्ध थीं और न ही वहां कोई प्रशिक्षित गोताखोर मौजूद था। इतना ही नहीं, बताया जा रहा है कि पार्क में अभी निर्माण कार्य भी चल रहा था, इसके बावजूद लोगों की एंट्री जारी थी। रोजाना बड़ी संख्या में लोग यहां घूमने और फोटो खिंचवाने पहुंच रहे थे। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा कर्मी और बचाव के साधन मौजूद होते तो मासूम की जान बचाई जा सकती थी। हादसे के बाद लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिला।
45 दिन पहले शुरू हुआ था वाटर पार्क, पहले से उठ रहे थे सवाल
ग्रामीणों के मुताबिक आमादपुर में बना यह वाटर पार्क शुरू से ही सवालों के घेरे में था। बताया जा रहा है कि पार्क को शुरू हुए अभी करीब 45 दिन ही हुए थे। इसके बावजूद यहां रोजाना करीब 100 से 150 लोग पहुंच रहे थे। लेकिन सुरक्षा मानकों को लेकर संचालकों ने कभी गंभीरता नहीं दिखाई। बच्चों की निगरानी के लिए कोई अलग व्यवस्था नहीं थी और न ही हादसों से निपटने के लिए कोई इमरजेंसी सिस्टम मौजूद था। लोगों का आरोप है कि सिर्फ कमाई के लिए जल्दबाजी में पार्क शुरू कर दिया गया, जबकि सुरक्षा इंतजाम अधूरे थे।
बेटे की मौत की खबर सुनते ही दिल्ली से गांव के लिए निकला पिता
मृतक हसनैन के पिता जफर दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। जैसे ही उन्हें बेटे की मौत की खबर मिली, वह तुरंत दिल्ली से गांव के लिए रवाना हो गए। हसनैन तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उससे छोटी एक बहन और सबसे छोटा एक भाई है। मासूम की अचानक मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी हर कोई इस हादसे से दुखी नजर आया। लोगों का कहना है कि एक छोटी सी लापरवाही ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।
हादसे के बाद संचालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद वाटर पार्क संचालक गेट पर ताला लगाकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अब फरार संचालक की तलाश कर रही है। सीओ दातागंज राहुल पांडेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही यह भी जांच कराई जाएगी कि वाटर पार्क का लाइसेंस था या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस हादसे के बाद इलाके के लोगों में प्रशासन के खिलाफ भी नाराजगी देखने को मिल रही है।
