नई दिल्ली/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को संसद भवन के बाहर मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने किसानों की आय, विकास के दावों, सनातन, यूजीसी गाइडलाइन और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा।
किसानों की आय दोगुनी का दावा झूठा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने पहले दिन किसानों को सपना दिखाया था कि उनकी आय दोगुनी होगी, लेकिन हकीकत यह है कि किसानों को न फसल का सही दाम मिल रहा है और न ही मंडियां ठीक से चल रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि दूध, धान और अन्य कृषि उत्पादों के उत्पादन में क्या वाकई किसानों की स्थिति सुधरी है? अगर सब कुछ इतना अच्छा है तो मंडियां क्यों बंद पड़ी हैं और किसानों की आय अब तक दोगुनी क्यों नहीं हुई?
मेट्रो नहीं बनी, पानी पर मेट्रो चलाने का तंज
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दावा करती है कि देश में सबसे ज्यादा रेलवे लाइनें बन गईं, लेकिन प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मेट्रो तक नहीं बन पाई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “जो मेट्रो बननी थी, वह नहीं बनाई और अब पानी पर मेट्रो चला रहे हैं।”अखिलेश यादव ने दावा किया कि समाजवादी सरकार के समय मेट्रो की डीपीआर और एलाइनमेंट तैयार हो चुका था।
सनातन और शंकराचार्य अपमान का आरोप
अखिलेश यादव ने खुद को सनातनी कहने वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा से जुड़े लोगों ने पूज्य शंकराचार्य जी का अपमान किया, उन्हें स्नान तक नहीं करने दिया। उन्होंने सवाल किया कि जो लोग शंकराचार्य जी से प्रमाण-पत्र मांग रहे हैं, उन्हें योगी होने का प्रमाण-पत्र किसने दिया? उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि “अगर वे दूसरों से सर्टिफिकेट मांगते हैं तो उन्हें अपना भी दिखाना चाहिए।”
अहिल्याबाई होल्कर की विरासत का जिक्र
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि सनातन धर्म के संरक्षण में महारानी अहिल्याबाई होल्कर का बड़ा योगदान रहा है, लेकिन मौजूदा सरकार ने उनके द्वारा बनाए गए प्राचीन घाट और मूर्तियों को बुलडोजर से तुड़वा दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा करने वाले खुद को सनातनी नहीं कह सकते।
दोषी बचना नहीं चाहिए, लेकिन किसी भी निर्दोष के साथ अन्याय न हो
यूजीसी की नई गाइडलाइन पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि दोषी बचना नहीं चाहिए, लेकिन किसी भी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए।
अजित पवार विमान दुर्घटना पर शोक और जांच की मांग
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह पवार परिवार और पूरे देश के लिए बेहद दुखद घड़ी है। साथ ही उन्होंने मांग की कि इतने बड़े और लोकप्रिय नेता के साथ हुई इस घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और देश को बताया जाए कि आखिर यह हादसा क्यों हुआ। अखिलेश यादव के इन बयानों के बाद प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है।
