समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और लूट का नया रिकार्ड बना रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी विभाग से लेकर विकास कार्यों तक हर जगह घोटालों की परतें खुल रही हैं। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि अयोध्या में भूमि खरीद, निर्माण और विभिन्न टेंडरों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं, जिनमें भाजपा से जुड़े लोगों का नाम सामने आ रहा है। उन्होंने कहा, “भाजपा ने पवित्र शहरों तक को लूट की प्रयोगशाला बना दिया। अयोध्या और वाराणसी तक को नहीं छोड़ा गया।”
चित्रकूट में पेंशन घोटाले का मुद्दा उठाया

सपा अध्यक्ष ने कहा कि चित्रकूट कोषागार में ‘पेंशन घोटाला’ प्रदेश के सबसे बड़े घोटालों में से एक है, जहाँ मृत पेंशनरों के नाम पर करोड़ों रुपये की बंदरबांट हुई। उन्होंने कहा, “सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की बात करती है, लेकिन जीरो टॉलरेंस अब जीरो हो चुका है।”
एक्सप्रेस-वे,और सड़क निर्माण में कमीशनखोरी का आरोप
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे का मुद्दा उठाते हुए कहा कि निर्माण में भ्रष्टाचार और ख़राब गुणवत्ता की वजह से दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि ‘गड्ढा मुक्त सड़क अभियान’ केवल बजट निकालने की स्कीम बनकर रह गया है। “नौ साल की सरकार गड्ढे तक नहीं भर पाई। गड्ढा मुक्त सड़क के नाम पर हजारों करोड़ की लूट हुई।”
2027 चुनाव में बदलाव का दावा
सपा अध्यक्ष ने कहा कि किसान, नौजवान, व्यापारी, महिला सहित हर वर्ग भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है, और आने वाले 2027 विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी। “जनता भ्रष्टाचार का अंत करेगी। 2027 में बदलाव तय है।
छठ महापर्व पर अखिलेश यादव ने दी बधाई, कहा-लोक आस्था और प्रकृति का अद्भुत संगम
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर देश और प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि लोक संस्कृति, प्रकृति प्रेम और सामाजिक समरसता का अनोखा प्रतीक है। अखिलेश यादव ने कहा कि छठ पर्व में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने और अगले दिन उगते सूर्य की उपासना करने की अनूठी परंपरा है, जो जीवन में संयम, श्रद्धा और निरंतरता का संदेश देती है। “छठ महापर्व लोकजीवन का उत्सव है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता है कि यह प्रकृति के सबसे करीब ले जाता है। महिलाएं चार दिनों तक कठिन व्रत रखकर पूरी शुद्धता और आस्था के साथ पूजा संपन्न करती हैं। यह परिवार और समाज की खुशहाली का पर्व है।”
फोटो जर्नलिस्ट पवन कुमार के निधन पर अखिलेश यादव ने जताया शोक
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मीडिया फोटो जर्नलिस्ट पवन कुमार (59 वर्ष) के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पवन कुमार एक शांत, सरल और असाधारण दृष्टि वाले पत्रकार थे, जिन्होंने अपने कैमरे से सच्चाई को बेझिझक सामने रखा। अखिलेश यादव ने कहा कि उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति की कामना की। समाजवादी पार्टी की ओर से सपा नेता अनुराग यादव ने स्वर्गीय पवन कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
