सपा प्रमुख बोले – लोकतंत्र और संविधान की रक्षा में सपा हर स्तर पर ममता के साथ
कोलकाता/लखनऊ : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच मंगलवार को नबन्ना में महत्वपूर्ण मुलाकात हुई। मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि यदि पूरे देश में कोई भाजपा का मुकाबला कर सकती है, तो वह केवल ममता बनर्जी ही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साहस, ईडी छापे और भाजपा के राजनीतिक हमलों के खिलाफ डटकर संघर्ष करने की प्रशंसा की।
ममता बनर्जी की जमकर की तारीफ

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि ममता बनर्जी ने ईडी की जांच एजेंसियों को भी मात दी है और आने वाले समय में भाजपा को भी हराएंगी। उन्होंने कहा कि बंगाल की मुख्यमंत्री ने भाजपा के हमलों के खिलाफ साहसिक कदम उठाए हैं, और उनकी रणनीति देश में विपक्ष को मजबूत करती है। अखिलेश ने विशेष रूप से यह बताया कि यह देश में विपक्ष के लिए प्रेरणा है।
भाजपा पर सपा प्रमुख का निशाना
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह समाज में फूट डालने की राजनीति करती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा इसका उपयोग केवल विरोधियों के वोट कम करने के लिए कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बंगाल, बिहार और यूपी जैसे राज्यों में यह अभ्यास विपक्ष को कमजोर करने का जरिया बन गया है।
लोकतंत्र की रक्षा में सपा का समर्थन

उन्होंने स्पष्ट किया कि ममता बनर्जी के लोकतंत्र और जनाधिकार के लिए संघर्ष में समाजवादी पार्टी हर स्तर पर पूर्ण समर्थन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि केवल एकजुट विपक्ष ही देश में लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा कर सकता है। सपा प्रमुख अपनी पत्नी और सांसद डिंपल यादव के साथ कोलकाता आए थे। दोपहर करीब 1:40 बजे उन्होंने नबन्ना में मुख्यमंत्री से मुलाकात की और कई राजनीतिक मुद्दों, भाजपा के आक्रामक रुख और विपक्षी एकजुटता पर विस्तार से चर्चा की।
केसरी खेड़ा वार्ड में देवेन्द्र सिंह जीतू ने आयोजित किया सुन्दरकाण्ड पाठ और तहरी भोज
लखनऊ जनपद के विक्रमनगर पुल स्थित मानवेन्द्र सिंह यादव पार्क में केसरी खेड़ा वार्ड के पार्षद एवं समाजवादी पार्टी पार्षद दल लखनऊ नगर निगम के उपनेता देवेन्द्र सिंह जीतू द्वारा मंगलवार को सुन्दरकाण्ड पाठ एवं तहरी भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विक्रमनगर, सूर्यनगर और आरडीएसओ के व्यापार मंडल ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र चौधरी ने सुन्दरकाण्ड पाठ के समापन पर श्री हनुमान जी की आरती की और भोग लगाकर भंडारा का उद्घाटन किया।इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व मंत्री अरविन्द सिंह गोप, समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह, पूर्व विधायक उदयराज यादव सहित दर्जनों पार्षद और क्षेत्रीय प्रमुख मौजूद रहे।
