एसपी चीफ बोले-यह 95% नहीं, सिर्फ 5% लोगों का बजट, किसान, नौजवान और मिडिल क्लास निराश, हवा, पानी, रोजगार सब संकट में…
नई दिल्ली/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्रीय बजट 2026 को लेकर भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है।उन्होंने बजट को “निराशाजनक, गरीब की समझ से बाहर और आम जनता के लिए बेकार” करार दिया।अखिलेश यादव ने कहा कि यह बजट किसानों, नौजवानों,महिलाओं, व्यापारियों और मध्यम वर्ग को पूरी तरह निराश करने वाला है और इसमें आम आदमी के लिए कुछ भी नहीं है।
“जिस सरकार से उम्मीद नहीं, उसके बजट से क्या उम्मीद”
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार से जनता को कोई उम्मीद नहीं है, इसलिए उसके बजट से भी कोई उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बजट के जरिए अपने खास लोगों को सेट करती है और यह बजट सिर्फ 1/20 यानी 5 प्रतिशत लोगों के फायदे के लिए बनाया जाता है।
महंगाई, रोजगार और शिक्षा पर सरकार विफल
सपा अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि क्या किसानों की आय दोगुनी हुई?क्या नौजवानों को रोजगार मिला? उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन बजट में न महंगाई रोकने का इंतजाम है और न शिक्षा को बेहतर बनाने की कोई ठोस योजना। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा, “अगर बुनियादी ढांचा ही नहीं है, तो AI क्या करेगा?”
पर्यावरण और स्वास्थ्य पर भी गंभीर सवाल
उन्होंने देश में खराब पर्यावरण स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि दुनिया के सबसे बड़े मंचों पर यह सवाल उठ रहा है कि भारत की हवा तक सांस लेने लायक नहीं बची, जिससे जानें जा रही हैं और निवेश भी नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि गंदे पानी से लोगों की मौतें हो रही हैं, फिर सरकार किस मुंह से स्मार्ट सिटी और विकसित भारत की बात कर रही है।
बुलेट ट्रेन, एक्सप्रेसवे और बिजली पर सवाल
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जो बुलेट ट्रेन 1 लाख करोड़ में बननी थी, वह अब 2 लाख करोड़ की हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश को बजट में एक भी नया एक्सप्रेसवे नहीं मिला और आम जनता के लिए बिजली लगातार महंगी होती जा रही है, जबकि बिजली कंपनियां हजारों करोड़ का मुनाफा कमा रही हैं।
किसान, दूध, आलू और मंडियों की अनदेखी
सपा अध्यक्ष ने कहा कि बजट में न किसानों की मंडियों के लिए कुछ है, न दुग्ध क्षेत्र के लिए और न ही आलू खरीद व भंडारण के लिए कोई योजना। अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था खराब है, यूपी के एम्स में डॉक्टर और तकनीकी स्टाफ तक नहीं हैं।
“यह बजट सपनों का पुलिंदा, न ज़िक्र न फ़िक्र”
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि बजट 2026 का नतीजा शेयर बाजार की भारी गिरावट के रूप में सामने आया है। उन्होंने टैक्स में राहत न देने को ‘टैक्स-शोषण’ बताया और कहा कि अमीरों को छूट मिलती है, लेकिन बेरोजगार और गरीब की थाली खाली रह जाती है।उन्होंने कहा कि यह बजट गरीब की चादर में पैबंद लगाने के बजाय उसे और चिथड़ा कर रहा है।

“भाजपा रिफॉर्म नहीं, डिफॉर्म कर रही है”
अंत में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की न नीति है, न नीयत। नदियां गंदी हैं, गंगा साफ नहीं हुई और सरकार की योजनाएं सिर्फ कागजों में हैं। उन्होंने दावा किया कि गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग भाजपा सरकार से पूरी तरह ठगा हुआ महसूस कर रहा है।

सपाइयों ने सादगी से मनाई संत रविदास जयंती
समाजवादी पार्टी मुख्यालय और प्रदेश के सभी जनपदों में स्थित सपा कार्यालय पर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती सादगी और श्रद्धा के साथ मनाई गई। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल सहित पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी नमन किया। इस मौके पर संत रविदास जी के समता, सामाजिक सौहार्द और मानव सेवा के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।
