संसद परिसर में सपा सांसदों के साथ किया विरोध प्रदर्शन, छात्रों पर बल प्रयोग, खाद संकट, पर्यटन और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा
नई दिल्ली/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी, पेपर लीक, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई, किसानों की खाद समस्या, पर्यटन, कानून-व्यवस्था और रोजगार जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा सरकार छात्रों, नौजवानों और किसानों के लिए सबसे बड़ा संकट बन गई है। संसद परिसर में समाजवादी पार्टी के सांसदों के साथ अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के विरोध में प्रदर्शन करने के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि जो सरकार श्रद्धालुओं के चढ़ावे की सुरक्षा नहीं कर सकी। उससे पेपर लीक रोकने की उम्मीद नहीं की जा सकती।
यूपी में 20 से अधिक पेपर लीक
उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले लोग युवाओं के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में सबसे अधिक पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं। अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 20 से अधिक पेपर लीक हुए, लेकिन जिम्मेदार लोगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनके अनुसार, बार-बार होने वाली ऐसी घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और रोजगार की संभावनाएं कमजोर हुई हैं। अखिलेश यादव ने हाल के छात्र आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों और युवाओं पर कथित रूप से पैलेट गन, आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि कई छात्र घायल हुए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
सरकार से पूछा-पुलिस ने बल प्रयोग किसके आदेश पर किया
उन्होंने सरकार से सवाल किया कि पुलिस द्वारा बल प्रयोग किसके आदेश पर किया गया और इसकी जवाबदेही तय की जानी चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने किसानों की समस्याओं का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धान की फसल के समय किसानों को डीएपी और यूरिया के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद की कालाबाजारी हो रही है और सरकारी दावों तथा जमीनी स्थिति में बड़ा अंतर है। उनके मुताबिक किसान, मजदूर, नौजवान और व्यापारी सभी सरकार की नीतियों से परेशान हैं।
पर्यटन के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले पर्यटकों को बंदरों के हमलों से सुरक्षित किया जाए, उसके बाद एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की बात की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, सड़क, रोजगार और उद्योग पहले से ही संकट में हैं और पर्यटन भी प्रभावित हो रहा है।
‘चंदा भी नहीं बचा पाए, अपने ही लोग शामिल’… डिंपल यादव का भाजपा पर बड़ा हमला
समाजवादी पार्टी की लोकसभा सांसद डिंपल यादव ने अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कहीं न कहीं भारतीय जनता पार्टी की सरकार चंदा भी नहीं बचा पाई, उन्हीं के संगी-साथी लोग इसमें पूरी तरह से इन्वॉल्व हैं।” डिंपल यादव का यह बयान संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान आया। उन्होंने मामले में सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि इस घटना से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
सादगी से मनाई गई दक्ष प्रजापति जयंती
इस बीच समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ समेत प्रदेशभर में दक्ष प्रजापति जयंती भी सादगी के साथ मनाई गई। पार्टी की ओर से पूर्व राज्यमंत्री एवं राष्ट्रीय सचिव रमेश प्रजापति ने दक्ष प्रजापति के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि ये सभी बयान और आरोप समाजवादी पार्टी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्तियों तथा अखिलेश यादव के सार्वजनिक वक्तव्यों पर आधारित हैं। भाजपा या राज्य सरकार की ओर से इन आरोपों पर इस प्रेस विज्ञप्ति के संदर्भ में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
