पीडीए, कानून व्यवस्था और सुखबीर बादल हमले पर सपा प्रमुख का भाजपा पर बड़ा हमला, लगाए कई गंभीर आरोप
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तरफ से शुक्रवार को विज्ञप्ति जारी का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उत्तर प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था, पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज, महंगाई, भ्रष्टाचार, शिक्षा, पर्यावरण और रोजगार जैसे विषयों पर सरकार को घेरा। इसके साथ ही महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले को भाजपा सरकार की सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता बताया।
पीडीए समाज के उत्पीड़न का लगाया आरोप
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में पीडीए समाज पर अत्याचार चरम पर है और अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का “जीरो टॉलरेंस” का दावा धरातल पर दिखाई नहीं देता और वंचित वर्ग सबसे अधिक उत्पीड़न का शिकार हो रहा है। उन्होंने प्रतापगढ़ में सौरभ विश्वकर्मा की हत्या, बदायूं में एक डॉक्टर के साथ मारपीट और गोरखपुर में बिजली ठेकेदार की हत्या जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।
महंगाई, भ्रष्टाचार और शिक्षा पर भी साधा निशाना
सपा प्रमुख ने दावा किया कि भाजपा सरकार में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर हैं तथा थाना और कचहरी भ्रष्टाचार के अड्डे बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण की 11,514 सीटों में घोटाला हुआ है और सरकार पीडीए समाज को शिक्षा एवं रोजगार से दूर रखने की कोशिश कर रही है। उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों को बंद किए जाने, प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने और जौहर अली विश्वविद्यालय को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
पर्यावरण और आदिवासी मुद्दों का भी उठाया जिक्र
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि विंध्य एक्सप्रेस-वे निर्माण के नाम पर मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली में जंगलों की कटाई की जा रही है।उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार वृक्षारोपण के रिकॉर्ड बनाने की बात करती है, जबकि दूसरी ओर बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई हो रही है। उन्होंने आदिवासियों के अधिकारों और जमीन से जुड़े मुद्दे भी उठाए।
सुखबीर बादल पर हमले की निंदा
सपा अध्यक्ष ने महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए जानलेवा हमले की निंदा करते हुए इसे महाराष्ट्र की भाजपा सरकार की सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक बताया। उन्होंने सुखबीर बादल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की तथा हमले में घायल सुरक्षाकर्मी को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की मांग की।
15 अगस्त को सपा कार्यालय में ध्वजारोहण
समाजवादी पार्टी कार्यालय की तरफ से बताया गया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित 19, विक्रमादित्य मार्ग स्थित पार्टी मुख्यालय में सुबह 10 बजे अखिलेश यादव ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद वे किसानों और मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी करेंगे। पार्टी ने मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम के कवरेज का अनुरोध किया है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
