सपा प्रमुख का ‘हाता नहीं भाता’ से सियासी तंज, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे धंसने पर कही ये बात
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को सोशल मीडिया और पार्टी के आधिकारिक बयान के जरिए योगी सरकार पर कई मुद्दों को लेकर एक साथ बड़ा हमला बोला। उन्होंने कथित पक्षपात, एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता, वृक्षारोपण अभियान और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। सबसे पहले अखिलेश यादव ने एक बैनर साझा करते हुए लिखा, “‘हाता नहीं भाता’ का नया संस्करण! #CC_to_CC”।
पक्षपात अन्याय का रूप
सीएम योगी आदित्यनाथ पर टिप्पणी करने वाले एक आरोपी के माफी मांगने की खबर सामने आई थी। इसके बाद अखिलेश यादव ने एक और पोस्ट में लिखा, “बहुत बुरी लग गई, जब बात ख़ुद पर आई, पर जब औरों पर कही, तो न हुई कार्रवाई। काश उनके साथ भी ऐसा ही होता जो विपक्ष पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं और सरासर झूठे आरोप लगाते हैं। पक्षपात अन्याय का ही एक रूप है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कानून के इस्तेमाल में दोहरा रवैया अपना रही है।
एक्सप्रेसवे धंसने पर गरजे अखिलेश, बोले- जनता की सुरक्षा से हो रहा खिलवाड़
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे से जुड़ी खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे लोगों की सुरक्षित और तेज़ यात्रा के लिए बनाए जाते हैं, लेकिन यदि उद्घाटन से पहले ही सड़क धंसने जैसी घटनाएं सामने आएं तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने महाराष्ट्र के ‘मिसिंग लिंक’ प्रोजेक्ट का भी जिक्र करते हुए भाजपा सरकारों पर निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। अखिलेश ने कहा कि यदि यात्रा सुरक्षित नहीं होगी तो तेज़ रफ्तार का कोई अर्थ नहीं रह जाता।
35 करोड़ पेड़ नहीं, 350 करोड़ का खेल-अखिलेश का BJP पर बड़ा आरोप
प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और 35 करोड़ पौधरोपण महाअभियान पर भी सपा प्रमुख ने तीखा हमला बोला। पार्टी की ओर से जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लिए वृक्षारोपण अभियान दरअसल “भ्रष्टारोपण” का कार्यक्रम बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर साल करोड़ों पौधे लगाने का दावा करती है, लेकिन ज़मीन पर उसका असर दिखाई नहीं देता। अखिलेश ने दावा किया कि पौधरोपण के नाम पर बजट का दुरुपयोग होता है और अभियान समाप्त होने के बाद पौधों की देखभाल नहीं की जाती।
पर्यावरण और नदियों को लेकर भी सरकार पर हमला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में वायु और जल प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गंगा, यमुना और अन्य नदियों की सफाई के अपने वादे पूरे करने में विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी सरकार ने गोमती नदी की सफाई और गोमती रिवरफ्रंट विकसित कर मिसाल पेश की थी, जबकि वर्तमान सरकार ने उसे नुकसान पहुंचाया।
भ्रष्टाचार की सरकार…भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में हर विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है और योजनाएं जनता के हित से अधिक भ्रष्टाचार के लिए बनाई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वृक्षारोपण, सड़क निर्माण और अन्य विकास परियोजनाओं में पारदर्शिता की कमी है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
