पुल की तस्वीर शेयर कर सरकार पर साधा निशाना, देवरिया हत्याकांड को लेकर भी योगी सरकार को घेरा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया और पार्टी के आधिकारिक बयान के जरिए उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला।उन्होंने एक पुल की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “पराजय-काल विपरीत बुद्धि!” और दावा किया कि 858 करोड़ रुपये की लागत से बना पुल पहली ही बारिश में बेहाल हो गया। इसके साथ उन्होंने सवाल किया, “क्या ये पुल ‘विश्वगुरु’ के गंतव्य को जोड़ता है?”अखिलेश यादव ने इस पोस्ट के जरिए प्रदेश में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए सरकार की कार्यशैली की आलोचना की।
देवरिया हत्याकांड पर सरकार को घेरा
समाजवादी पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में अखिलेश यादव ने देवरिया में राजू विश्वकर्मा की हत्या और उनके परिजनों पर हुए हमले को बेहद निंदनीय बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार और भेदभाव चरम पर है तथा पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता एवं प्रवक्ता इंजीनियर संदीप विश्वकर्मा जब पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे, तब कथित तौर पर उन्हें प्रशासन की मौजूदगी में धमकियां दी गईं।
पीडीए समाज पर बढ़ रहे हमले
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) समाज पर हमले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार में “लोक-लाज” बची है तो दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करे, अन्यथा यह स्वीकार करे कि वह अत्याचार और अन्याय को रोकने में विफल रही है।
कानून व्यवस्था पर कही ऐसी बात
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। उनके अनुसार सत्ता के संरक्षण में अपराधी और दबंग गरीबों को प्रताड़ित कर रहे हैं तथा प्रदेश में लगातार गंभीर आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पीड़ितों को न्याय के बजाय उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था और न्याय तभी संभव होगा, जब भाजपा सरकार सत्ता से बाहर होगी।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
