आज़म बोले- “मैं सिर्फ अखिलेश से मिलूंगा, किसी और से नहीं”
रामपुर/बरेली : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को रामपुर का दौरा करेंगे। वह सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात कई मायनों में खास मानी जा रही है। क्योंकि, यह जेल से रिहाई के बाद आजम खान और अखिलेश यादव की पहली आमने-सामने की बातचीत होगी।
बरेली में 15 मिनट का ठहराव, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
सपा प्रमुख अखिलेश यादव लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से रवाना होकर बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहाँ उनका लगभग 15 मिनट का ठहराव तय है। इसके बाद वे सड़क मार्ग से रामपुर जाएंगे। बरेली में हाल ही में “I Love Muhammad” पोस्टर विवाद के बाद हुए बवाल के चलते पुलिस -प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।अखिलेश के आगमन की सूचना मिलते ही शहर के सभी प्रमुख मार्गों, एयरपोर्ट और रामपुर बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, सपा के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता एयरपोर्ट या रास्ते में अखिलेश यादव से मुलाकात की कोशिश कर सकते हैं। यही कारण है कि प्रशासन ने एहतियातन सुरक्षा घेरे को और कड़ा कर दिया है।
राजनीतिक रूप से अहम- “आजम- अख़िलेश की मुलाकात से बदलेगी सपा की दिशा?”
यह मुलाकात सिर्फ एक औपचारिक मुलाकात नहीं मानी जा रही, बल्कि इसे समाजवादी राजनीति के भीतर की रणनीतिक गर्मजोशी के रूप में देखा जा रहा है। कई राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सपा की भविष्य की रणनीति में आजम खान की भूमिका इसी मुलाकात के बाद तय हो सकती है। 23 महीने बाद सीतापुर जेल से रिहा होकर आजम खान को रामपुर लौटे 15 दिन हो चुके हैं। लेकिन इतने दिनों में उन्होंने किसी बड़े नेता से मुलाकात नहीं की। ऐसे में अखिलेश का उनके घर पहुंचना सियासी संकेतों से भरपूर है।
“टर्म्स एंड कंडीशंस’ के साथ आज़म खान का बयान
मुलाकात से पहले आजम खान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि “अखिलेश यादव जी मुझसे मिलने आ रहे हैं। मैं केवल उनसे ही मिलूंगा, और वह सिर्फ मुझसे ही मिलेंगे।” उनका यह बयान स्पष्ट करता है कि आजम खान किसी भी राजनीतिक दिखावे या भीड़भाड़ वाले कार्यक्रम से बचना चाहते हैं। उन्होंने आगे कहा “मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी को मैं जनता ही नहीं।”आजम खान के इस तीखे बयान के बाद सपा खेमे में हलचल तेज है। रामपुर के मौजूदा सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी, जिन्हें समाजवादी पार्टी ने टिकट देकर जिताया था, अब आजम खान की नाराजगी की सीधी रेखा पर हैं। इसके अलावा मोहम्मद आजम खां ने मीडिया के सवाल पर कहा कि मुझे खुद से नाराजगी है। मैं किताब चोर हूं, किताब चुराकर यूनिवर्सिटी बनाई। एक ही मुकदमें में 21 साल सजा और 34 लाख जुर्माना है। अभी 133 मुकदमें और हैं। उन्होंने खुद को भूमाफिया बताया। बोले – हम देश के तीन भूमाफिया हैं, पहला मैं, दूसरे मुख़्तार अंसारी और तीसरे अतीक अहमद हैं।
