बरेली/गोंडा : सीनियर गर्ल्स स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप में बरेली मंडल की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर सहारनपुर को 14-0 से हराकर टूर्नामेंट की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। प्रतियोगिता 20 से 25 नवम्बर तक गोंडा में आयोजित हो रही है, और इस धमाकेदार जीत से बरेली टीम के पूल क्वालिफाई करने की उम्मीदें बेहद मजबूत हो गई हैं। कोच अविनाश शर्मा के नेतृत्व में टीम ने चार महीने तक चलने वाले कैम्प का पूरा फायदा मैदान पर दिखाया। मैच की शुरुआत से ही बरेली ने गेम पर पूरी पकड़ बना ली।

पायल सिंह ने दागे 6 गोल
पहले 7वें और 21वें मिनट में पायल सिंह ने लगातार दो गोल कर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई। हाफ टाइम के बाद पायल ने अपनी लय कायम रखते हुए चार और गोल दागे, और कुल 6 गोल के साथ मैच की स्टार खिलाड़ी बनीं।
मानवी, वंशिका, दिशा और अंकिता के दम पर जीत
सीनियर गर्ल्स स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप में बरेली मंडल की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मानवी ने 3 गोल,वंशिका, दिशा, अंकिता और वर्तिका ने 1-1 गोल,मिलाकर टीम ने कुल 14 गोल की एकतरफा जीत हासिल की। मैच के दौरान बरेली की डिफेंस और मिडफील्ड भी पूरी तरह हावी रहा। सहारनपुर की टीम को पूरे खेल में गोल पोस्ट तक पहुंचना तक मुश्किल हो गया।
टीम की मेहनत से मिली जीत
कोच अविनाश शर्मा ने कहा कि “टीम पिछले कुछ महीनों से लगातार मेहनत कर रही है। लड़कियों ने रणनीति को शानदार तरीके से लागू किया और यह जीत उनके आत्मविश्वास को और मजबूत करेगी।”टूर्नामेंट के अगले मैच में भी बरेली टीम से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है। अगर, टीम इसी लय में खेलती रही तो चैंपियनशिप में फाइनल तक पहुंचने की प्रबल संभावना है।
