SIR विवाद गर्माया: अखिलेश ने कहा- BLO घर-घर नहीं जा रहे! समय बढ़ाया जाए,बिहार मॉडल नहीं चलेगा!
लखनऊ : विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) को लेकर यूपी में सियासत गर्माती जा रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर चुनाव आयोग (EC) और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव 2024 में जहां – जहां भाजपा हारी थी, उन विधानसभा क्षेत्रों में “लगभग 50,000 वोट काटने की तैयारी” की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह पूरा तंत्र विपक्षी समर्थकों, खासकर ग्रामीण, मजदूर, दलित और अल्पसंख्यक क्षेत्रों के नाम हटाने पर केंद्रित है। उन्होंने चेतावनी दी कि SIR के नाम पर “मतदाता सूची की शुद्धि नहीं, बल्कि राजनीतिक इंजीनियरिंग” की जा रही है।
एसपी चीफ बोले-घर घर नहीं जा रहे हैं BLO
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि BLO घर-घर नहीं जा रहे हैं, कई जगह BLO घर-घर सर्वे नहीं कर रहे,एक जगह बैठकर फार्म बांटे जा रहे हैं,या लोगों को कहा जा रहा है कि “व्हाट्सऐप पर दस्तावेज भेज दें।”उनका कहना है कि इससे असली सत्यापन नहीं हो पाता और हजारों नाम कटने का खतरा बढ़ जाता है। बोले -गलत समय पर SIR की प्रक्रिया शुरु की गई है? सपा अध्यक्ष ने तर्क दिया कि शादी का सीज़न,धान कटाई/रबी बुवाई का समय,और त्योहारी व्यस्तता है। मगर, इन सब के बीच SIR कराना ग्रामीण इलाकों में बड़ी संख्या में लोगों को सूची से बाहर करने जैसा है, क्योंकि वे समय पर प्रतिक्रिया नहीं दे पाएंगे। बिहार का हवाला देकर “वही रणनीति यूपी-बंगाल में दोहरायी जा रही है” सपा प्रमुख ने बिहार चुनावों के दौरान चले SIR विवादों का उदाहरण देते हुए कहा कि “बिहार में जो हुआ, उसका प्रयोग अब पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में दोहराने की कोशिश हो रही है। हम इसे सफल नहीं होने देंगे।”उन्होंने बूथ स्तर पर लिस्ट चेकिंग,BLO निगरानी को टीमें बनाने के निर्देश सभी जिलाध्यक्षों को जारी कर दिए हैं।
SOP और BLO ट्रेनिंग सार्वजनिक करने की मांग
उन्होंने EC से मांग की है कि पूर्ण SOP सार्वजनिक की जाए,BLO को समान ट्रेनिंग दी जाए,और हर विधानसभा में शिकायतों की त्वरित सुनवाई हो। कन्नौज SDM के वायरल ऑडियो पर भी तंज कसा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश ने कन्नौज के एक SDM के कथित ऑडियो का उल्लेख भी किया, जिसे उन्होंने “SIR की सच्चाई का सबूत” बताया। इस ऑडियो की स्वतंत्र जांच की मांग सपा ने फिर दोहराई।
UP में खांसी की दवा मत लेना…” भाजपा सरकार पर तीखा तंज
सपा प्रमुख अखिलेश ने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर फेल बताया। उन्होंने तंज कसा। बोले – “UP में खांसी की दवा मत लीजिएगा… पहले 500 एमजी की गोली से बुखार ठीक हो जाता था, अब 650 एमजी खाकर भी नहीं होता। यमुना गंदी है, गंगा गंदी है, विदेश नीति फेल है… हर नीति फेल है।”उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अधिकारी भाजपा पदाधिकारी की तरह काम कर रहे हैं, नए श्रम कानून उद्योगपतियों के इशारे पर लाए गए हैं,और अगर कोई विरोध करे तो उसे “देशद्रोही” कह दिया जाता है।
सपा 2147 का घोषणा पत्र जारी करेगी”-भाजपा पर व्यंग्य
पूर्व सीएम अखिलेश ने भाजपा के “2047 लक्ष्य” पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “भाजपा अपना घोषणापत्र तो पढ़ ले… हम भी अब 2147 का घोषणा पत्र जारी करेंगे।”उन्होंने यह भी कहा कि सैफई में मंदिर निर्माण का भाजपा ने “राजनीतिक विरोध” किया और सपा कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे लगाए जा रहे हैं।
चुनावी संदेश- “कांटे से कांटा निकालना होगा”
सपा प्रमुख अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से कहा कि “यह चुनाव बहुत सूझबूझ से लड़ना होगा। भाजपा जैसी रणनीति का मुकाबला उसी तरीके से करना होगा,तभी उन्हें हराया जा सकेगा।”
