बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। गंगापुर निवासी युवक मनोज ने अपनी विधवा भाभी पर शादी का दबाव बनाने, धमकाने और मारपीट कर कीमती जेवर लूटने का गंभीर आरोप लगाया है। युवक ने बारादरी थाना पुलिस और एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
भाई की मौत के बाद बढ़ीं नजदीकियां, अब बना जान का खतरा?
पीड़ित मनोज ने शिकायत में कहा कि उसके तहेरे भाई की दो महीने पहले मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी भाभी मीरा से बातचीत बढ़ती गई, और दोनों के बीच संबंध बन गए। इसी बीच मनोज के परिवार ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी, जिसकी तारीख भी दो महीने बाद की है। यही बात मीरा को पसंद नहीं आई। आरोप है कि महिला ने युवक से कहा-“अगर मेरी शादी नहीं की, तो झूठा मुकदमा लिखवाकर जेल भिजवा दूंगी।”
मारपीट कर लूटे जेवर,सोने की चेन और अंगूठी छीनने का आरोप
मनोज का आरोप है कि बुधवार सुबह मीरा ने उसे अपने घर बुलाया और विवाद के दौरान मारपीट कर सोने की चेन और अंगूठी लूट ली। युवक ने यह भी बताया कि महिला के प्रेमी उसके मोबाइल पर फोन कर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे परिवार में दहशत है।
एसएसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित- मांगी सुरक्षा
युवक ने पहले बारादरी थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन खुद को असुरक्षित महसूस करते हुए गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचा और सुरक्षा की मांग की। पुलिस अधिकारियों का कहना है। शिकायत प्राप्त हो गई है, जांच की जा रही है। तथ्य सही पाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
