बरेली : यूपी के बरेली देहात के फरीदपुर थाना क्षेत्र में 50 लाख रुपये के दहेज की मांग को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि दहेज न देने पर नोएडा निवासी लड़का पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया, लड़की पक्ष से गाली-गलौज, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानें कैसे शुरू हुआ विवाद?
पीड़ित शुभम प्रताप सिंह, निवासी मोहल्ला मिर्धान गली गन्ना दफ्तर, फरीदपुर के मुताबिक, उनकी बहन अंकिता तोमर का विवाह शांतनु सोलंकी (नोएडा) से तय हुआ था। 12 अक्टूबर को दोनों पक्ष फरीदपुर के केसरपुर में एक ढाबे पर मिले। 2 नवंबर को बरेली के एक होटल में शगुन हुआ। शगुन में लड़की पक्ष ने करीब 35 लाख रुपये खर्च किए। शुभम के अनुसार शगुन के बाद लड़का पक्ष ने कहा,“घर भी देख लेते हैं, और लेन-देन की आगे की बात भी कर लेंगे।”
“शादी तभी होगी जब 50 लाख कैश दोगे”- आरोप
शाम 6:30 बजे के आसपास शांतनु सोलंकी, ममता सोलंकी, अनिल सिंह, शुभ्र, राकेश सिंह चौहान व फतेहगंज पूर्वी के शिवपुरी रधौली निवासी रेनू लड़की के घर पहुंचे। आरोप है कि घर पहुंचते ही उन्होंने 50 लाख रुपये नकद की मांग रखी।
लड़की पक्ष ने तुरंत इसे देने से मना कर दिया।
दहेज न देने पर लड़के पक्ष का हंगामा- गाली-गलौज और मारपीट
शुभम ने बताया कि विरोध करने पर शांतनु सोलंकी अचानक उग्र हो गया। उसने गाली-गलौज की। रोकने पर पूरे समूह ने शुभम और उनके मामा से मारपीट की। धमकी दी कि “शादी तभी होगी जब 50 लाख मिलेंगे, नहीं तो भूल जाओ!”पुलिस बुलाने की बात सुनकर सभी आरोपी मौके से भाग गए।
पुलिस ने की FIR दर्ज, छह लोग नामजद
फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने मिडिया को बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर छह लोगों यानी शांतनु सोलंकी, ममता सोलंकी, अनिल सिंह, शुभ्र, राकेश सिंह चौहान और रेनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब जांच में जुटी है और जल्द आगे की कार्रवाई होगी।
