नई दिल्ली : मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब साकेत कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। कोर्ट को तत्काल खाली कराया गया और आसपास का पूरा इलाका घेराबंदी में ले लिया गया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता और बम खोजी कुत्तों की टीमें तैनात कर दी गईं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।
उधर, रोहिणी और पटियाला हाउस कोर्ट में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा आरोपी जसीर बिलाल उर्फ दानिश की पेशी से पहले पटियाला हाउस कोर्ट में बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की विशेष टीम गहन तलाशी ले रही है।
इस बीच, मंगलवार सुबह दिल्ली के दो केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) स्कूलों — प्रशांत विहार और द्वारका — को भी बम से उड़ाने की ईमेल धमकी मिली। सूचना मिलते ही स्कूलों को तुरंत खाली करा लिया गया और दिल्ली अग्निशमन सेवा व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई।
कड़ी जांच के बाद राहत की खबर आई। अधिकारियों ने बताया कि दोनों स्कूलों की विस्तृत तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और धमकी को ‘होक्स’, यानी झूठी धमकी घोषित कर दिया गया। इन लगातार धमकियों के बाद दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियाँ अलर्ट मोड पर हैं और सभी संवेदनशील स्थानों पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
