सपा प्रमुख ने कहा-तेजस्वी सबसे पॉपुलर, ज्यादा वोट भी मिले, यूथ जागरूक है… अगर जुड़ जाए, तो देश आगे बढ़ेगा
बेंगलुरु/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को बेंगलुरु में आयोजित कार्यक्रम में ‘विज़न इंडिया’ की नई रूपरेखा पेश की। उन्होंने साफ कहा कि इस पहल की शुरुआत बेंगलुरु से होना जरूरी है, क्योंकि यहां की पहचान भारत के तकनीकी और स्टार्टअप हब के तौर पर है। अखिलेश यादव ने कहा-“विज़न इंडिया बेंगलुरु से शुरू करना इसलिए जरूरी है। क्योंकि, पूरा देश यहां की तरफ देखता है। भारत की सिलिकॉन वैली अगर कहीं है तो वो बेंगलुरु है।”
यूथ और स्टार्टअप पर फोकस
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा-“आज का यूथ जागरूक है, पॉजिटिव सोचता है। अगर यूथ को जोड़ा जाए तो हम और आगे बढ़ सकते हैं।”स्टार्टअप इकोसिस्टम की भूमिका पर बोलते हुए उन्होंने कहा- “हर चीज का समाधान स्टार्टअप में है… बेंगलुरु ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है।”उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी आगे युवाओं, आईटी प्रोफेशनल्स और स्टार्टअप फाउंडर्स को जोड़कर एक नया राष्ट्रीय प्लेटफॉर्म तैयार करेगी।
PDA मॉडल: प्लान, डेवलपमेंट एंड एसेंट
बेंगलुरु में अखिलेश ने पहली बार PDA को विस्तार से समझाया।उन्होंने कहा-“हमारा नारा PDA है, प्लान, डेवलपमेंट एंड एसेंट। यही आगे की राजनीति का आधार बनने वाला है।”
यूपी-बिहार की राजनीति पर भी बोले
बिहार चुनाव को लेकर भी उन्होंने बड़ा बयान दिया- “जो पॉपुलर फेस थे वो तेजस्वी थे, वोट भी उन्हें ज्यादा मिले। दूसरी तरफ के लोग केवल डिवीजन की बात कर रहे थे। यूपी-2027 पर उन्होंने कहा-“यूपी में जो पार्लियामेंट जीतता है, वही विधानसभा जीतता है। हमने कम संसाधनों में बीजेपी से मुकाबला किया है।”
चुनाव प्रक्रिया पर हमला-“यह वोट चोरी नहीं, डकैती”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने वोटिंग प्रक्रिया और ईवीएम जैसी विवादित विषयों पर भी बड़ा बयान दिया।
उन्होंने कहा-“यह मामला वोट चोरी से ऊपर है, इसे डकैती कहा जाएगा।”
एकता और संविधान पर चिंता
उन्होंने कहा कि देश की पहचान “Unity in Diversity”-आज खतरे में है। अखिलेश बोले-“हिंदुस्तान की पहचान विविधता में एकता है। आज की सरकार इस पहचान पर संकट पैदा कर रही है।”
जॉब्स हमारे युवाओं की सबसे बड़ी जरूरत
सपा प्रमुख अखिलेश ने कहा कि यूपी से आकर उन्हें बेंगलुरु में बहुत सीखने को मिला है। “यहां हमें बहुत सपोर्ट मिल सकता है। जॉब्स हमारे युवाओं की सबसे बड़ी जरूरत है।”उन्होंने संकेत दिया कि ‘विज़न इंडिया’ का संचालन और ब्रेनस्टॉर्मिंग अब कई हिस्सों में टेक-सिटीज़ से ही होगी।
