बरेली: थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने अपहरण और फिरौती की साजिश रचने वाले एक मेडिकल छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिविज बहल के रूप में हुई है, जो राजश्री मेडिकल कॉलेज, बरेली में एमबीबीएस तृतीय वर्ष का छात्र है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने ही बैचमेट गौरव वरपे को किडनैप कर उससे ₹60,000 ट्रांसफर करवाए और बाद में ₹50 लाख की फिरौती की मांग की थी।
कैसे रची गई साजिश?
10 नवंबर को गौरव वरपे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जब वह अपने दोस्त गुरवेन्द्र के साथ राधा कृष्ण मंदिर से लौट रहा था, तभी ईको वैन सवार कुछ युवकों ने उन्हें रोककर अगवा कर लिया। आरोपियों ने दोनों के मोबाइल छीन लिए और यूपीआई से ₹60,000 की राशि ट्रांसफर कर ली। साथ ही जान से मारने की धमकी दी गई।
जांच में पता चला कि दिविज बहल पर कई लोगों का कर्ज था। इसे चुकाने के लिए उसने गौरव के अपहरण की योजना बनाई। उसे पता था कि गौरव के बैंक खाते में बड़ी रकम रहती है। दिल्ली में एक टैक्सी चालक आकाश के जरिए उसकी मुलाकात सोनू नामक व्यक्ति से हुई, जिसे उसने ₹10 लाख देने का लालच देकर इस वारदात में शामिल किया।
दिल्ली से लेकर बरेली तक चला ऑपरेशन
7 नवंबर को सोनू और उसके साथियों ने गौरव को अगवा करने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। 9 नवंबर को उन्होंने तीन मोटरसाइकिलों और एक ईको वैन से गौरव बारपे, दिविज बहल और गुरवेन्द्र को अगवा कर लिया। मोबाइल छीनकर पासवर्ड पूछे गए, और गौरव के मोबाइल से ₹60,000 दिविज के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। बाद में दिविज ने गौरव के दोस्तों से संपर्क कर ₹50 लाख की फिरौती मांगने का भी प्रयास किया।
पुलिस ने कैसे पकड़ा आरोपी को?
थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 13 नवंबर को आरोपी दिविज बहल को सरजू कट यात्री शेड के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना फतेहगंज पश्चिमी के प्रभारी निरीक्षक अभिषेक कुमार, निरीक्षक (अपराध) वरुण कुमार, उपनिरीक्षक योगेश कुमार, उपनिरीक्षक पंकज कुमार और हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह शामिल थे।
कोर्ट में पेश किया गया आरोपी
गिरफ्तार आरोपी को मुकदमा संख्या 437/2025, धारा 140(2)/351(3) बीएनएस के तहत न्यायालय में पेश किया गया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों सोनू और उसके साथियों की तलाश में जुटी हुई है।
