गिरफ्तार प्रेमी ने खोला राज, बेटी के घर छिपी है फरार पत्नी
बरेली : यूपी के बरेली में सेवानिवृत्त नेत्र चिकित्सक की हत्या की कोशिश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। डॉक्टर की पत्नी शिखा सक्सेना पर ही अपने प्रेमी बिजली मिस्त्री सौरभ सक्सेना के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने का आरोप है। गिरफ्तार प्रेमी ने पुलिस के सामने सबकुछ कबूल कर लिया है। अब पुलिस फरार पत्नी की तलाश में लगी हुई है, जो घटना के बाद अपनी डॉक्टर बेटी और दामाद के घर छिपी हुई बताई जा रही है।
हत्या की साजिश-प्यार में अंधी पत्नी ने रचा खौफनाक प्लान
शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र के सेवानिवृत्त नेत्र चिकित्सक ने 28 अक्टूबर की रात घर में अपनी ही हत्या की कोशिश से बाल-बाल बचकर पड़ोसियों की मदद से जान बचाई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी शिखा सक्सेना ने अपने प्रेमी सौरभ सक्सेना को बुलाकर डॉक्टर को खत्म करने की योजना बनाई थी। डॉक्टर के हाथ बांध दिए गए, मुंह पर टेप लगाई गई, और रस्सी से कसे गए, लेकिन किसी तरह डॉक्टर ने हिम्मत दिखाकर बंधन तोड़ा और घर से सड़क पर निकलकर शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसी इकट्ठा हुए और हमलावर भाग निकले।
पुलिस की जांच- CCTV में पकड़ी पूरी सच्चाई
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि सौरभ को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। शुरुआत में आरोपी ने खुद को निर्दोष बताया, लेकिन जब पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य सबूत दिखाए, तो सौरभ टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। सौरभ ने बताया कि शिखा सक्सेना के कहने पर ही उसने डॉक्टर को मारने की कोशिश की। डॉक्टर सेवानिवृत्ति के बाद ज्यादातर समय घर पर रहते थे और पत्नी की गतिविधियों पर नज़र रखते थे, जब उन्हें पत्नी के अवैध संबंधों का पता चला, तो उन्होंने पैसे और गहने देना बंद कर दिया।
पैसे और रिश्ते में दरार से शुरू हुई हत्या की कहानी
सौरभ ने पुलिस को बताया कि शिखा को अपने खर्चे पूरे करने के लिए अब पति पर निर्भर रहना मुश्किल हो गया था। इसलिए उसने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पहले उसने डॉक्टर के दूध में नशे की दवा मिलाई, फिर गेट खोलकर सौरभ को अंदर बुलाया, लेकिन सौरभ खुद भी नशे की हालत में था, और डॉक्टर के जाग जाने से हत्या की कोशिश असफल रही।
बेटी और दामाद से होगी पूछताछ
घटना के बाद शिखा सीधे अपनी डॉक्टर बेटी और दामाद के घर, प्रेमनगर चली गई। पुलिस अब बेटी और दामाद से भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शिखा कहाँ छिपी है और घटना की असली साजिश किस स्तर तक रची गई थी। इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया मीडिया को बताया कि “शिखा सक्सेना की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम तैनात कर दी गई है। जल्द ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।” पुलिस मुख्य आरोपी सौरभ सक्सेना गिरफ्तार, जेल भेजा गया। पुलिस ने मौके से रस्सी, टेप और अन्य आपराधिक सामान बरामद किए। फरार पत्नी शिखा सक्सेना की तलाश जारी ही।
