बरेली: बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की प्रवर्तन टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सुभाषनगर और थाना कैंट क्षेत्र में तीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। इन कॉलोनियों में बिना स्वीकृति के प्लॉटिंग, सड़क, नाली और बाउंड्रीवाल का निर्माण किया जा रहा था।
सुभाषनगर क्षेत्र में दो कॉलोनियां गिराई गईं

प्राधिकरण के अनुसार, ग्राम करेली, बदायूं रोड, थाना सुभाषनगर क्षेत्र में राम कुमार व अन्य द्वारा करीब 10 बीघा भूमि पर और ओम प्रकाश वर्मा व अन्य द्वारा 8 बीघा क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां बिना किसी स्वीकृति के भूखंडों का चिन्हांकन, सड़क और नाली निर्माण कार्य चल रहा था।
कैंट क्षेत्र के बुखारा गांव में तीसरी कॉलोनी ध्वस्त
इसी प्रकार ग्राम बुखारा, थाना कैंट क्षेत्र में भी ओम प्रकाश व अन्य द्वारा लगभग 10 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी का विकास किया जा रहा था। बीडीए टीम ने मौके पर पहुंचकर यहां ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
टीम ने मौके पर की सख्त कार्यवाही
यह कार्रवाई विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक अभियंता गजेन्द्र पाल शर्मा, अवर अभियंता सुरेन्द्र द्विवेदी सहित प्रवर्तन दल के अन्य सदस्य शामिल रहे।
बीडीए ने दी चेतावनी — बिना स्वीकृति निर्माण अवैध
बरेली विकास प्राधिकरण ने आमजन को चेतावनी दी है कि उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के तहत किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग या निर्माण से पहले मानचित्र की स्वीकृति लेना अनिवार्य है। बिना स्वीकृति के किए गए निर्माण या विकास कार्यों का ध्वस्तीकरण किया जाएगा, और इसकी पूरी जिम्मेदारी निर्माणकर्ताओं की होगी।
प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि भूखंड या भवन खरीदने से पहले मानचित्र स्वीकृति की जानकारी बीडीए कार्यालय से अवश्य प्राप्त करें, अन्यथा भविष्य में कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
