राज्यमंत्री गुलाब देवी ने किया वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आगाज, बोलीं -खेल भावना के साथ खेलें, सफलता खुद कदम चूमेगी
बरेली : पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, बरेली में 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता (अंडर-17 बालक/बालिका) 2025-26 का आज माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी के मुख्य आतिथ्य में शुभारंभ किया गया। यह प्रतियोगिता 11 नवंबर से 15 नवंबर तक चलेगी। देश भर से 70 टीमों के 840 खिलाड़ी और 146 कोच व टीम मैनेजर इसमें भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत माँ शारदे की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पांजलि के साथ हुई। इस दौरान छात्र -छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने स्टेडियम में उत्साह और जोश भर दिया।
“मेहनत का पसीना इतिहास बदल देता है”- मंत्री गुलाब देवी

अपने संबोधन में मंत्री गुलाब देवी ने कहा- “खेल को हमेशा खेल भावना से खेलें। यहाँ आने का लक्ष्य केवल जीतना नहीं, बल्कि अपने राज्य और देश का नाम रोशन करना है। जब हम मेहनत के पसीने से स्नान करते हैं, तब इतिहास बदलता है। गिरना, उठना, आगे बढ़ना- यही जीवन और खेल की असली परिभाषा है।”उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और सकारात्मक सोच बनाए रखने की प्रेरणा दी।
“कर्मवीर हार-जीत से नहीं डरते”: सांसद छत्रपाल गंगवार
इस मौके पर बरेली लोकसभा सीट से सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि “गिर कर उठना और चलना संसार का क्रम है। कर्मवीर जीत या हार से नहीं, अपने निरंतर प्रयासों से पहचाने जाते हैं। खेल सिर्फ मैदान नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण का माध्यम है।”
खिलाड़ियों को खेल किट वितरित
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का स्वागत किया और उन्हें वॉलीबॉल खेल किट प्रदान की। इस दौरान कार्यक्रम में दुर्विजय सिंह शाक्य (क्षेत्रीय अध्यक्ष, भाजपा ब्रज प्रांत), महापौर डॉ. उमेश गौतम, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, विधायक डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, डॉ. एमपी आर्य, संयुक्त शिक्षा निदेशक एवं जिला विद्यालय निरीक्षक और कोच, रेफरी, सभी टीमें मौजूद थीं। बरेली में आयोजित यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभा को मंच दे रही है, बल्कि समरसता, अनुशासन और खेल भावना को भी प्रोत्साहित कर रही है। 15 नवंबर को विजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा।
