हादसे के बाद जानकारी देते परिजन
हादसे के बाद बस चालक गायब! हाईवे पर खून से सनी सड़क, पुलिस जांच में जुटी
बरेली : नैनीताल हाईवे पर रविवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसमें 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद रोडवेज बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना इज्जतनगर थाना क्षेत्र के नगरिया कला के पास हुई। बरेली की नगर पंचायत धौराटांडा निवासी रेहान अपनी बहन हुमा (24 वर्ष) और भांजी रोशनी (20 वर्ष) को बाइक पर बैठाकर बरेली दवा लेने जा रहा था।
नगरिया मोड़ के पास पीछे से बस ने मारी टक्कर
उनकी बाइक नैनीताल रोड स्थित नगरिया कला के मोड़ के पास पहुंची, रोहिलखंड डिपो की रोडवेज बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।।टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची इज्जतनगर पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा। रास्ते में ही रोशनी की मौत हो गई, जबकि रेहान और हुमा को मिनी बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, हुमा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बस ड्राइवर की तलाश
इज्जतनगर थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि “रोडवेज बस को कब्जे में लेकर ड्राइवर की तलाश की जा रही है। मृतका के शव का पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।घायलों का इलाज कराया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।”हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
