बरेली: आंवला के रामनगर स्थित ऐतिहासिक लिलौर झील आज एक नई पहचान की ओर बढ़ चली है। सोमवार को पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने झील के किनारे फैमिली ट्रेन और ट्रैक का उद्घाटन किया। इस मौके पर वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक एम. पी. आर्या और भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
झील में नौका विहार और ट्रेन की सवारी का आनंद
उद्घाटन के बाद मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों ने झील में नौका विहार का आनंद लिया और फैमिली ट्रेन में सवार होकर नया अनुभव साझा किया। इसी के साथ लिलौर झील में बनने वाले पर्यटक गेस्ट हाउस का भूमि पूजन कर नींव भी रखी गई।
मंत्री धर्मपाल सिंह बोले — भोग की नहीं, योग की भूमि है यह
मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि लिलौर झील का उल्लेख महाभारत कालीन यक्ष सरोवर के रूप में मिलता है। यह भूमि भोग की नहीं बल्कि योग की भूमि है। उन्होंने घोषणा की कि इस झील को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि यहां स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग होम-स्टे नीति के तहत पर्यटकों को अपने घरों में ठहराने और भोजन की सुविधा देकर आय प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही झील की साफ-सफाई और पर्यटकों के प्रति व्यवहार को बेहतर बनाए रखने की अपील की।
लिलौर झील बनेगी बरेली का नैनीताल — मंडलायुक्त
मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी ने कहा कि महाभारतकालीन यह यक्ष सरोवर बरेली मंडल के लिए धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण है। विकसित सुविधाओं के साथ यह जल्द ही मंडल का प्रमुख पर्यटन केंद्र बनेगा। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि झील की सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। झील तक आने-जाने के लिए ई-बसों का संचालन किया जाएगा और जल स्तर बनाए रखने के लिए नलकूपों की व्यवस्था की गई है।
नैनीताल की तर्ज पर होगा विकास
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता विनय शर्मा ने बताया कि अभी चार डिब्बों की फैमिली ट्रेन चलाई गई है, जिसे जल्द ही 52 हेक्टेयर क्षेत्रफल में झील के चारों ओर विस्तारित करने की योजना है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और उपस्थित लोगों ने झील के नए रूप को सराहा। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, एडीएम संतोष कुमार सिंह, एसडीएम आंवला विदुषी सिंह, पर्यटन उपनिदेशक रविंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
