नई दिल्ली : बिहार में पहले चरण की 121 सीटों पर होने वाली वोटिंग से ठीक एक दिन पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में “ऑपरेशन सरकार चोरी” चलाया जा रहा है और बड़ी संख्या में वोटरों के नाम लिस्ट से हटाए जा रहे हैं।
राहुल गांधी ने पटना में करीब 1 घंटे 20 मिनट की प्रेस कॉन्फ्रेंस की और मंच पर बिहार के 5 वोटरों को बुलाया। सभी ने बताया कि उनके नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए हैं। राहुल ने कहा, “वोटिंग से ठीक पहले नाम हटाना लोकतंत्र की हत्या है।”
राहुल ने इस दौरान हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां 3.5 लाख वोटरों के नाम लिस्ट से हटाए गए थे और “25 लाख वोट चोरी हुए।” उन्होंने एक वीडियो दिखाया, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कह रहे हैं कि “चिंता मत करिए, हमारे पास सारी व्यवस्थाएं हैं, भाजपा एकतरफा सरकार बना रही है।”
राहुल ने सवाल उठाया कि आखिर यह “व्यवस्था” क्या थी और इसे वोट चोरी से जोड़ते हुए कहा कि चुनाव के बाद कांग्रेस वहां हार गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने हरियाणा की वोटर लिस्ट में शामिल एक ब्राजीलियन मॉडल की तस्वीर भी दिखाई और दावा किया कि “मॉडल ने 22 बार वोट डाला।” हालांकि उन्होंने मॉडल का नाम नहीं बताया। बाद में पता चला कि यह तस्वीर फ्री स्टॉक प्लेटफॉर्म Unsplash पर 2017 में अपलोड की गई थी और हजारों जगहों पर इस्तेमाल हो चुकी है।
राहुल का आरोप है कि “एक ही महिला ने एक सीट पर 100 बार वोट किया” और पाँच अलग-अलग कैटेगरी में 25 लाख वोटों की धांधली हुई।
कांग्रेस ने चुनाव आयोग से बिहार और हरियाणा दोनों में वोटर लिस्ट की स्वतंत्र जांच की मांग की है। वहीं भाजपा की ओर से राहुल गांधी के आरोपों पर अभी आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
