बरेली: इज्जतनगर थाना क्षेत्र के तुला शेरपुर (तुलापुर ग्राम) की निवासी कुशमीत कौर पत्नी स्व. गुरमीत सिंह ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जा और जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस और प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि शिकायतें देने के बावजूद न तो कब्जा हटवाया गया और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की गई।
2004 में खरीदी थी जमीन, अब दबंगों ने किया कब्जा
कुशमीत कौर के मुताबिक, उन्होंने 18 नवंबर 2004 को ग्राम तुलापुर में गाटा संख्या 4 और 5 की लगभग 200 वर्गमीटर जमीन खरीदी थी। पति की मृत्यु के बाद यही उनकी आजीविका का एकमात्र साधन है। लेकिन कुछ लोगों — जिनमें अशफाक अहमद, ईशाक अहमद, सईद अहमद, सोहेल खान और अन्य निवासी बड़ी बिहार — ने एकजुट होकर उनके प्लॉट पर गेट लगाकर कब्जा कर लिया और दावा किया कि जमीन उनकी है।
जांच में साबित हुआ कब्जा अवैध
महिला की शिकायत पर उपजिलाधिकारी की ओर से की गई जांच में पाया गया कि जिन गाटा संख्याओं (1, 2 और 3) को आरोपी अपना बता रहे हैं, वे वर्ष 1982 में ही बेची जा चुकी थीं। यह रिपोर्ट 29 मई 2018 को जारी की गई, जिसमें स्पष्ट हुआ कि गाटा संख्या 4 और 5 पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की जा रही है।
अदालत और प्रशासनिक आदेशों के बावजूद कार्रवाई नहीं
कुशमीत कौर ने बताया कि उन्होंने कई बार थाना, तहसील, एसएसपी, डीएम और एडीजी जोन को शिकायतें दीं। यहां तक कि सिविल न्यायालय, सीडी बरेली ने 31 मई 2025 को उनके पक्ष में आदेश पारित किया, जिसमें उनके प्लॉट में किसी प्रकार के हस्तक्षेप या कब्जे से रोकने के निर्देश दिए गए। इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर कोई अमल नहीं हुआ।
₹10 लाख की मांग और जान से मारने की धमकी
महिला का आरोप है कि आरोपी सोहेल खान, अमित शर्मा, विजित गुप्ता, ईशाक, अशफाक, पारूल मिश्रा, सईद अहमद और अमित अवस्थी लगातार धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि थाने के बाहर ही आरोपियों ने कहा — “अगर अपना प्लॉट चाहती हो तो ₹10 लाख दे दो, वरना गाड़ी से कुचलकर पड़ी मिलोगी।”
वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद
कुशमीत कौर ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कुछ लोग उनके प्लॉट का गेट तोड़ते और जबरन कब्जा करते नजर आ रहे हैं। महिला का कहना है कि इन लोगों ने फर्जी कागजात तैयार कराकर उनकी जमीन पर कब्जे को वैध दिखाने की कोशिश की है।
महिला ने की सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
पीड़िता ने उपजिलाधिकारी की रिपोर्ट (2018 और 06 सितंबर 2025) तथा अदालत के आदेश (31 मई 2025) के आधार पर तत्काल कब्जा वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपनी जान की सुरक्षा की गुहार भी लगाई है।
पुलिस की कार्यवाही
सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस ने बताया कि थाना इज्जतनगर, बरेली में इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और आगे की जांच की जा रही है।
