Kerala News: बड़ी खबर केरल के वायनाड से है, जहाँ कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने महिलाओं को लेकर एक प्रेरणादायक संदेश दिया है। उन्होंने कहा “महिलाएं देश की आधी आबादी हैं, और जब वे अपनी ताकत को सामूहिक रूप से राजनीतिक शक्ति के रूप में इस्तेमाल करेंगी, तो वे इस देश की दिशा तय कर सकती हैं।”
प्रियंका गांधी पाडिनजराथारा पंचायत की ओर से आयोजित कुदुंबश्री सीडीएस वार्षिक समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि समाज या परिवार किसी भी संकट से गुजरता है, तो महिलाएं ही सबसे पहले मजबूती से खड़ी होती हैं, लेकिन उनके प्रयासों को अक्सर पहचान नहीं मिलती।
“राजनीति में आएं महिलाएं, नेतृत्व करें” :प्रियंका का आह्वान
प्रियंका गांधी ने कहा कि जब महिलाएं एकजुट होकर अपनी अंदरूनी शक्ति को पहचानेंगी, तो वे समाज को नई दिशा देंगी। उन्होंने कहा “आप हमारे देश की 50 फीसदी आबादी हैं, और आपको इस शक्ति को राजनीतिक रूप से इस्तेमाल करना चाहिए।”
उन्होंने महिलाओं से राजनीति में आगे आने, नेतृत्व करने और यह दिखाने की अपील की कि जब महिलाएं मजबूत होकर खड़ी होती हैं, तो वे असंभव को भी संभव बना सकती हैं। कुदुंबश्री कार्यक्रम की सराहना करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि यह योजना गरीबी उन्मूलन और महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस कार्यक्रम से जुड़ी महिलाओं ने न केवल अपने परिवारों का भरण-पोषण किया, बल्कि एक-दूसरे को भी आर्थिक रूप से सशक्त किया है।
“कुदुंबश्री की महिलाएं पूरे देश की प्रेरणा हैं”
प्रियंका गांधी ने बताया कि कुदुंबश्री की महिलाओं ने अपनी बचत को 10 गुना तक बढ़ाने में सफलता पाई है। उन्होंने कहा कि यहाँ बैठी हर महिला देशभर की महिलाओं की क्षमता और शक्ति का प्रतीक है। प्रियंका ने कहा “आप जैसी हैं, वैसी ही सम्मान और गरिमा की पात्र हैं, क्योंकि आप अपने विश्वासों पर डटी रहती हैं।” उन्होंने समारोह में सभी महिलाओं को बधाई दी और आश्वासन दिया कि उनका पूरा समर्थन और शुभकामनाएं हमेशा उनके साथ रहेंगी। बता दें, प्रियंका गांधी इन दिनों दो दिवसीय दौरे पर वायनाड में हैं, जहाँ वे अपने लोकसभा क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ भी कर रही हैं।
