बरेली : नागरिक सुरक्षा कोर (Civil Defence) बरेली द्वारा भारत सरकार के दिशा-निर्देशों पर आयोजित सप्त दिवसीय नागरिक सुरक्षा वार्डन/स्वयंसेवक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय चरण की शुरुआत आज (28 अक्टूबर 2025) को हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ एसपी सिटी श्री मानुष पारिख (IPS) ने अपने करकमलों से दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एसपी सिटी मानुष पारिख ने अपने संबोधन में बरेली के नागरिक सुरक्षा वार्डन्स की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा “वार्डन निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा करते हैं। चाहे जुलूस हो, मेला हो, उर्स या सांप्रदायिक सद्भाव का कोई आयोजन, ये हर समय मुस्तैद रहते हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में आई.वी.आर.आई रोड पर हुई ब्लैकआउट रिहर्सल की चर्चा पूरे देश में हुई थी। एसपी सिटी ने सभी वार्डन्स से चार प्रमुख गुण अपनाने की अपील की। पहली अच्छी भेषभूषा,अच्छा व्यवहार, स्किल डेवलपमेंट और अन्य विभागों के साथ समन्वय
उपनियंत्रक राकेश मिश्र ने दी आपदा प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी

कार्यक्रम में उपनियंत्रक राकेश मिश्र ने प्राकृतिक व मानव-निर्मित आपदाओं, बचाव के उपायों, CPR (हृदय पुनर्जीवन तकनीक) आदि पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस सात दिवसीय प्रशिक्षण में प्रत्येक दिन अलग विषय पर मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण देंगे। उन्होंने गर्व से बताया कि “बरेली प्रदेश का पहला जनपद है, जहां नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण का प्रथम चरण पूर्ण हो चुका है और अब दूसरा चरण प्रारंभ हुआ है। अन्य किसी जिले में अभी प्रशिक्षण शुरू भी नहीं हुआ है।”
इतिहास और संरचना पर हुई विशेष चर्चा

सहायक उपनियंत्रक पंकज कुदेशिया ने नागरिक सुरक्षा की संरचना और सेवा व्यवस्था पर प्रशिक्षार्थियों को विस्तार से जानकारी दी। वहीं सहायक उपनियंत्रक प्रमोद डागर ने आपदा के समय सीढ़ियों (Ladder) और रस्सियों के उपयोग का प्रायोगिक प्रदर्शन किया। उन्होंने गांठें बांधने की तकनीकें सिखाईं और (साइट) पर ड्रिल कराकर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया।
वरिष्ठ वार्डन्स की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में डिप्टी चीफ़ वॉर्डन रंजीत वशिष्ठ, डिविजनल वार्डन (आ) शिवलेश चन्द्र पाण्डेय, डिविजनल वार्डन दिनेश यादव, गीता शर्मा, श्याम कृष्ण, श्री कँवलजीत सिंह सहित अनेक वरिष्ठ वार्डन्स मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन कलीम हैदर सैफी ने किया। पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नागरिक सुरक्षा कोर बरेली के स्टाफ सदस्यों ने बखूबी संभाली। कार्यक्रम के दौरान उपनियंत्रक राकेश मिश्र एवं डिप्टी चीफ़ वॉर्डन रंजीत वशिष्ठ ने मुख्य अतिथि एसपी सिटी मानुष पारिख को बुके और मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
