बरेली : शहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की सख्ती जारी है। मंगलवार को प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के ग्राम रामनगर गोटिया में दो अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया।
यह कार्रवाई संयुक्त सचिव दीपक कुमार के नेतृत्व में की गई। प्राधिकरण के मुताबिक सोनू शर्मा ने ग्राम रामनगर गोटिया में लगभग 4000 वर्गमीटर भूमि पर बिना मानचित्र स्वीकृति के प्लॉटिंग, सड़क और बाउंड्रीवॉल का निर्माण कार्य किया था। इसी तरह विपिन शर्मा द्वारा भी लगभग 4000 वर्गमीटर क्षेत्र में बिना अनुमति के कॉलोनी विकसित की जा रही थी। दोनों ही कॉलोनियों को बिना विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के अवैध रूप से बसाया जा रहा था।
BDA टीम ने मौके पर चलाया बुलडोज़र, ढहाई गई बाउंड्रीवॉल
प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर दोनों अवैध कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। इस दौरान संयुक्त सचिव दीपक कुमार, अवर अभियंता सीताराम, और पूरी प्रवर्तन टीम मौजूद रही। कार्यवाही में बाउंड्रीवॉल, सड़कों और प्लॉटिंग से संबंधित अवैध निर्माणों को तोड़ा गया।
BDA ने दी सख्त चेतावनी- “बिना स्वीकृति निर्माण करने वालों पर कार्रवाई”
प्राधिकरण ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जनता को चेताया है कि “उ0प्र0 नगर योजना एवं विकास अधिनियम –1973 के तहत कोई भी व्यक्ति बिना मानचित्र स्वीकृत कराए प्लॉटिंग या निर्माण कार्य नहीं कर सकता।
ऐसा करना पूरी तरह अवैध है और ऐसी कॉलोनियों का ध्वस्तीकरण किसी भी समय किया जा सकता है।”इसके साथ ही बीडीए ने आम नागरिकों से अपील की है कि भवन या प्लॉट खरीदने से पहले उसकी स्वीकृति की जानकारी प्राधिकरण से अवश्य प्राप्त करें, ताकि भविष्य में आर्थिक नुकसान और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके। पिछले दिनों भी बीडीए ने शहर में कई अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की है।
प्राधिकरण का कहना है कि बिना स्वीकृति कॉलोनियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर का नियोजित विकास सुनिश्चित किया जा सके।
