नई दिल्ली : चुनाव आयोग ने सोमवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए देश के 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में वोटर लिस्ट अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा कर दी। यह स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का अभियान 28 अक्टूबर से 7 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान नए वोटरों के नाम शामिल किए जाएंगे और पुरानी वोटर लिस्ट में मौजूद सभी त्रुटियों को सुधारा जाएगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के अनुसार, इन 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की वोटर लिस्ट आज रात से ही फ्रीज हो जाएगी। यानी अब कोई भी बदलाव आधिकारिक प्रक्रिया के तहत ही होगा।
बंगाल में होगा SIR, लेकिन असम में नहीं
चुनाव आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगले साल विधानसभा चुनाव वाले पश्चिम बंगाल में तो यह प्रक्रिया लागू होगी, लेकिन असम में नागरिकता से जुड़े विशेष प्रावधानों के कारण यह अभियान फिलहाल नहीं चलेगा। असम में वोटर सूची का काम अलग नियमों के तहत किया जाएगा।
कुल 103 दिन की महत्वपूर्ण प्रक्रिया
कुल 103 दिनों तक चलने वाला यह अभियान देश के लोकतंत्र को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। आयोग की मंशा है कि अगले साल चुनाव से पहले हर योग्य नागरिक का नाम वोटर लिस्ट में शामिल हो।
इन 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में होगा SIR
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह
छत्तीसगढ़
गोवा
गुजरात
केरल
लक्षद्वीप
मध्य प्रदेश
पुडुचेरी
राजस्थान
तमिलनाडु
उत्तर प्रदेश
पश्चिम बंगाल
ECI की अपील
चुनाव आयोग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि इस विशेष अभियान के दौरान
नई वोटर आईडी बनवाएं
पते या उम्र में कोई त्रुटि हो तो सुधार कराएं
18 वर्ष के होने वाले युवाओं को विशेष रूप से अपना नाम जुड़वाना चाहिए
लोकतंत्र की मजबूती जनता की भागीदारी पर ही निर्भर करती है। आयोग ने लोगों से सक्रियता दिखाने की उम्मीद जताई है।
