बरेली : शहर के थाना कैंट क्षेत्र में सामने आई एक दर्दनाक पारिवारिक घटना ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। शहर के रहने वाले वकील कमल कुमार सागर ने कथित रूप से मानसिक तनाव और वैवाहिक विवाद के चलते जहर खा लिया। उपचार के दौरान उनकी अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों और पुलिस के अनुसार, कमल ने अपने घर में जहर का सेवन किया था। परिजन उन्हें गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल ले गए,लेकिन यहां डॉक्टरों ने बचाने की कोशिशों के बावजूद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पत्नी का छोड़कर जाना नहीं हुआ बर्दाश्त
कमल द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में लिखा है कि उनकी पत्नी घर छोड़कर अपने परिचित व्यक्ति (जिसका नाम विशाल बताया गया है) के साथ रह रही है और वह इस मानसिक पीड़ा को अब और सहन नहीं कर पा रहे।।उन्होंने यह भी लिखा है कि उनके दो मासूम बच्चों को किसी भी हालत में मां के पास न भेजा जाए। कमल के पिता राजेंद्र सागर ने कहा कि पत्नी की पहचान इंस्टाग्राम पर हुई थी। पिछले कई महीनों से दोनों में निकटता बढ़ रही थी। पत्नी ने तलाक और संपत्ति बेचने की मांग भी की थी, और इसी तनाव ने बेटे को अंदर ही अंदर तोड़ दिया। परिवार का कहना है कि कमल पिछले कुछ महीनों से गहरी निराशा और अपमान के भाव से गुजर रहे थे।
जांच में जुटी पुलिस
थाना कैंट प्रभारी ने मीडिया को बताया कि “हाथ से लिखे नोट, मोबाइल चैट्स और डिजिटल एविडेंस की जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस ने इस मामले में सुसाइड नोट, सोशल मीडिया चैट, कॉल रिकॉर्ड्स को मुख्य साक्ष्य मानते हुए जांच शुरू कर दी है। परिजन ने पत्नी और उसके परिचित के खिलाफ एफआईआर और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घर में मचा मातम
कमल के रिश्तेदारों के अनुसार, “वह समाज में बदनामी और परिवार टूटने का दर्द नहीं झेल पाए।” घर में दो छोटे बच्चे अपनी माँ और पिता, दोनों से दूर हो गए हैं। गांव-शहर में इस घटना को लेकर गहरा दुख और चर्चा है।
