अखिलेश यादव बोले : पीडीए के सांसद पर हमले पर सरकार शर्मनाक चुप्पी साधे बैठी है
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अलीगढ़ में सांसद रामजी लाल सुमन के काफिले पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। रविवार को जारी एक बयान में सपा प्रमुख ने इस घटना को ‘जानलेवा हमला’ करार देते हुए इसे गहरी साजिश और सरकार तथा प्रशासन की नाकामी का परिणाम बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उत्तर प्रदेश सरकार ने अराजकता के आगे समर्पण कर दिया है या फिर यह सब कुछ सरकार की मर्जी से हो रहा है?
टायर और पत्थर से हुआ हमला, गंभीर हादसे की आशंका

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि सांसद रामजी लाल सुमन के काफिले पर टायर और पत्थर फेंककर उन पर जानलेवा हमला किया गया। इस हमले के कारण दुर्घटना होते-होते बची, जो एक प्राणघातक हादसे में भी बदल सकती थी। उन्होंने कहा कि इतने टायरों का एक साथ इकट्ठा होना, अपने आप में एक सुनियोजित साजिश का प्रमाण है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना साफ तौर पर प्रशासन और खुफिया तंत्र की गहरी चूक या जानबूझकर की गई अनदेखी का नतीजा है। उन्होंने कहा, “अगर शासन-प्रशासन यह सब कुछ जानते हुए भी अंजान बना हुआ है, तो वह यह समझ ले कि अराजकता किसी को नहीं बख्शती। एक दिन भाजपाई और उनके सहयोगी भी इन हिंसक तत्वों का शिकार बन सकते हैं।”
पीडीए के सांसद पर हमला, सरकार पर साधा निशाना

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना को पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समुदाय के प्रतिनिधि पर हमला बताते हुए भाजपा सरकार पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि देश में एक सांसद पर जानलेवा हमला हो गया, लेकिन सरकार शर्मनाक चुप्पी साधे बैठी है। सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, “क्या इसलिए कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा क्योंकि हमला एक पीडीए के सांसद पर हुआ है?” उन्होंने आगे कहा कि जब सत्ता में बैठे लोग इस तरह के हमलों को नजरअंदाज करते हैं, तो यह लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है।
बुलडोजर सरकार पर तंज

सपा प्रमुख ने उत्तर प्रदेश सरकार के बुलडोजर नीति पर भी तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने पूछा, “अब क्या बुलडोजर का दम बेदम हो गया है? क्या उत्तर प्रदेश सरकार ने अराजकता के सामने समर्पण कर दिया है या फिर ये सब उसकी रजामंदी से हो रहा है?” उन्होंने घटना को ‘घोर, घोर, घोर निंदनीय’ बताया और कहा कि अब जनता को तय करना होगा कि उसे ‘आज का पीडीए’ चाहिए या ‘भाजपा की अराजकता’।
भाजपा के वर्चस्ववाद पर कड़ा प्रहार
अखिलेश यादव ने भाजपा पर वर्चस्ववादी मानसिकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के मूल्यों की हत्या कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ऐसे किसी भी अन्याय के खिलाफ जनता के साथ खड़ी रहेगी और संघर्ष करती रहेगी।
