बरेली : छठ पूजा को देखते हुए बरेली पुलिस ने शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ और घाटों पर बढ़ती गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंध की एडवाइजरी जारी की है।
भारी वाहनों पर प्रतिबंध
एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने बताया कि 27 अक्टूबर दोपहर 1 बजे से 28 अक्टूबर सुबह 9 बजे तक शहर में भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। यह कदम मुख्यतः रामगंगा नदी और अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
वैकल्पिक रूट और डायवर्जन
मुरादाबाद और रामपुर की तरफ से आने वाले ट्रक और भारी वाहन अब परसाखेड़ा से बड़ा बाईपास होकर नैनीताल, पीलीभीत और लखनऊ की ओर जाएंगे। लखनऊ से आने वाले वाहनों को इन्वर्टिस तिराहे से बड़ा बाईपास होकर रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की दिशा में डायवर्ट किया जाएगा। रामपुर, नैनीताल, पीलीभीत और बरेली से बदायूं की ओर जाने वाले वाहन बड़ा बाईपास होते हुए इन्वर्टिस तिराहा, फरीदपुर, दातागंज और देवचरा से गुज़रेंगे।लखनऊ से बदायूं जाने वाले वाहन भी वही मार्ग अपनाएंगे। इसके अलावा, बुखारा मोड़, चौपला पुल और देवचरा से रामगंगा पुल की ओर किसी भी भारी वाहन को अनुमति नहीं दी जाएगी।
एसपी ट्रैफिक की अपील
एसपी अकमल खान ने वाहन चालकों से अपील की है कि प्रशासन द्वारा तय किए गए वैकल्पिक मार्गों का पालन करें, ताकि श्रद्धालुओं को घाटों तक आने-जाने में कोई परेशानी न हो और छठ पर्व का माहौल शांतिपूर्ण बना रहे।
