लखनऊ/अजमेर : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज राजस्थान के अजमेर दौरे पर थे। यहां उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर मीडिया से बातचीत की और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा बार-बार डबल इंजन सरकार की बात करती है, लेकिन असल में ये झूठ का इंजन है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने दिल्ली और राजस्थान में अलग-अलग चुनावी घोषणापत्र जारी कर जनता को भ्रमित किया और सरकार बनने के बाद उन वादों पर कोई अमल नहीं किया। अखिलेश यादव बोले- “भाजपा झूठ बोलने वाली पार्टी है। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था। पूरा क्या होना था, उल्टा किसानों की जमीन और फसल बड़े उद्योगपतियों को सौंप दी जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार किसानों, युवाओं और मध्यम वर्ग को सबसे ज्यादा नुकसान पहुँचा रही है।
यूपी में 2027 में सपा की सरकार- अखिलेश का दावा
सपा प्रमुख ने कहा कि यूपी की जनता अब भाजपा की कुनीतियों से परेशान है और 2027 में राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। “उत्तर प्रदेश अब बदलाव चाहता है। जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब देगी।”
बिहार चुनाव पर बयान- तेजस्वी यादव को समर्थन
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने
इंडिया गठबंधन द्वारा तेजस्वी यादव को सीएम चेहरे के रूप में सामने लाने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा “तेजस्वी यादव नौजवान हैं, ऊर्जावान हैं और बिहार का भविष्य बदल सकते हैं। हमें भरोसा है कि बिहार की जनता INDIA गठबंधन और तेजस्वी यादव को मौका देगी।”उन्होंने कांग्रेस और गठबंधन के सभी दलों को इस फैसले के लिए बधाई भी दी।
