लखनऊ: राजधानी में मंगलवार को उत्तर प्रदेश पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन्स में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद राज्य पुलिस बल के अधिकारी और कर्मी अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखते हुए अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक सद्भाव स्थापित करने में सराहनीय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने पुलिस की मेहनत और समर्पण की तारीफ की।
सीएम ने इस अवसर पर एक बार फिर प्रयागराज महाकुंभ-2025 का उदाहरण देते हुए कहा कि इस भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के उच्चतम मानक स्थापित किए।
इस कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार ने पुलिस कर्मियों की सुविधा और कल्याण के लिए कुल 11.5 करोड़ रुपये की घोषणा की। इसमें 3.5 करोड़ रुपये सुविधा सुधार के लिए और 8 करोड़ रुपये उनके कल्याण के लिए आवंटित किए गए हैं।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर भी पोस्ट करते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश पुलिस की सेवा और समर्पण समाज के लिए आदर्श है। पुलिस स्मृति दिवस पर अपने कर्तव्य पथ पर अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले सभी अमर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि।”
वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी पुलिसकर्मियों के साहस और बलिदान को सलाम करते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मी हम सभी के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने भी एक्स पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
