पटना : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की 121 सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो गई। इन सीटों पर मतदान 6 नवंबर को होगा। हालांकि नामांकन खत्म होने के बावजूद महागठबंधन (RJD, कांग्रेस, वाम दल, VIP) के भीतर सीटों को लेकर खींचतान थमी नहीं है।
कांग्रेस और वाम दलों ने जारी किए उम्मीदवार, RJD की लिस्ट अभी बाकी
कांग्रेस ने पहले चरण के लिए 48 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है, जबकि CPIML ने 18 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है। वहीं RJD ने अब तक अपने उम्मीदवारों की कोई आधिकारिक सूची जारी नहीं की है। नामांकन के अंतिम दिन RJD, कांग्रेस और VIP के दफ्तरों में पार्टी सिंबल बांटने की प्रक्रिया देर रात तक चलती रही।
महागठबंधन की समन्वय की कोशिशों के बावजूद 10 सीटों पर पार्टियों के बीच टकराव देखने को मिला है। इनमें RJD और कांग्रेस ने 5 सीटों पर एक-दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा तीन सीटों पर CPI और कांग्रेस, तथा एक सीट पर VIP और RJD आमने-सामने हैं।
VIP प्रमुख मुकेश सहनी का बयान – “चुनाव नहीं लड़ूंगा, डिप्टी सीएम बनूंगा”
सीट बंटवारे को लेकर नाराज चल रहे Vikassheel Insaan Party (VIP) प्रमुख मुकेश सहनी ने ऐलान किया कि वे इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा – “मैं खुद चुनाव नहीं लड़ूंगा, लेकिन डिप्टी सीएम बनूंगा। राज्यसभा जाने का कोई इरादा नहीं है।”
NDA में तालमेल, अमित शाह का बिहार दौरा जारी
वहीं NDA की पांचों पार्टियों (BJP, JDU, HAM, RLM और RSP) ने आपसी तालमेल के साथ अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 16 से 18 अक्टूबर तक बिहार दौरे पर हैं। शुक्रवार को वे पटना के ज्ञान भवन में प्रबुद्धजन सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा ,“लालू प्रसाद यादव नए चेहरे और नए कपड़े पहनकर फिर से जंगलराज लाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता इस बार ऐसा नहीं होने देगी।”
अमित शाह शनिवार को पटना में पार्टी नेताओं के साथ रणनीतिक बैठक करेंगे और चुनाव प्रचार अभियान की रूपरेखा पर चर्चा करेंगे।
