लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के पावन अवसर पर राज्य कर्मचारियों के लिए विशेष उपहार की घोषणा की है। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए उत्पादकता असम्बद्ध बोनस देने का निर्णय लिया, जो कर्मचारियों के परिश्रम और निष्ठा के प्रति राज्य सरकार की सराहना का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की प्रगति में सरकारी कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार हर स्तर पर उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राज्य कर्मचारियों को मासिक परिलब्धियों की अधिकतम सीमा ₹7,000 के आधार पर 30 दिनों का बोनस प्रदान किया जाएगा। इस हिसाब से प्रत्येक पात्र कर्मचारी को ₹6,908 का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली से पहले यह आर्थिक लाभ कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए खुशी और उत्साह लेकर आएगा, और शासन-प्रशासन में नई ऊर्जा का संचार करेगा।
इस निर्णय से लगभग 14 लाख 82 हजार राज्य कर्मचारी लाभान्वित होंगे, और इस पर कुल व्यय भार लगभग ₹1,022 करोड़ आएगा। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि बोनस का भुगतान समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए ताकि प्रत्येक परिवार पर्व को उल्लासपूर्वक मना सके।
अनुमन्य बोनस के दायरे में वे पूर्णकालिक अराजपत्रित कर्मचारी शामिल हैं जिनके वेतन मैट्रिक्स लेवल-8 (₹47,600- ₹1,51,100) तक हैं। इसमें राज्य कर्मचारी, राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थाओं के कर्मचारी, स्थानीय निकाय और जिला पंचायत कर्मचारी, कार्यप्रभारित एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी शामिल हैं। भारत सरकार ने भी वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 29 सितंबर, 2025 तक बोनस देने का निर्णय लिया है।
