पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गए दो आरोपी
सोनभद्र : झूठी आन और सामाजिक प्रतिष्ठा के लिए एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। बिहार के पटना निवासी पांच भाइयों ने मिलकर अपनी बहन मुन्नी देवी और उसके पति दुक्खन साव की हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों शवों को जंगल में फेंक दिया गया और आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है।
हाथीनाला थाना क्षेत्र के खोखा जंगल में 24 सितंबर को महिला का शव बरामद हुआ, जिसमें सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। छह अक्टूबर को रजखड़ घाटी के जंगल से युवक का कंकाल मिला। डीएनए जांच में महिला की पहचान मुन्नी देवी और पुरुष की पहचान दुक्खन साव के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि मुन्नी देवी ने घर से भागकर दुक्खन के साथ गुजरात में शादी की थी। यह घटना मुन्नी के परिवार को नागवार गुजरी। उनके भाई मुन्ना ने शादी का झांसा देकर दोनों को घर बुलाया। गुजरात से दो अन्य भाई ट्रेन के माध्यम से मिर्जापुर पहुंचे और फिर पिकअप वाहन में पटना की ओर जा रहे थे। रास्ते में हाथीनाला के पास सुनसान जगह पर गाड़ी रोककर दोनों की हत्या कर दी गई। मुन्नी का शव खोखा जंगल में और दुक्खन का शव रजखड़ घाटी में फेंक दिया गया।
पुलिस ने आरोपी मुन्ना कुमार (22) और राहुल उर्फ सिद्धार्थ (28) को गिरफ्तार किया है। तीन अन्य भाई – अवधेश, राकेश और मुकेश – अभी भी फरार हैं। घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया गया।
एसपी सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने बताया कि इस मामले की जांच ओबरा सीओ हर्ष पांडेय और उनकी टीम ने की। पूरी घटना झूठी आन और सामाजिक दबाव के कारण रची गई थी। पुलिस लगातार बाकी तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
