सपा प्रमुख बोले – “आजम खान समाजवादी पार्टी का दरख्त हैं, झूठे मुकदमे भाजपा सरकार ने लगाए,
रामपुर/लखनऊ/बरेली : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज रामपुर पहुंच कर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मुहम्मद आजम खान से मुलाकात की। अखिलेश यादव हेलीकॉप्टर के जरिए मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां आजम खान ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता सीधे आजम खान के आवास पहुंचे, जहां अखिलेश यादव ने उनके स्वास्थ्य का हाल-चाल जाना और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा “आजम खान साहब समाजवादी पार्टी के दरख्त हैं। हमारा साथ हमेशा रहा है और रहेगा। हम मिलकर लड़ाई लड़ेंगे। हमारी मुलाकात बहुत अच्छी रही। पुराने नेताओं और नेताजी के साथ के लोगों की बात ही अलग होती है।”

आजम खान, और उनके पूरे परिवार पर झूठे मुकदमे
सपा प्रमुख ने कहा कि जनता भाजपा को हटाने जा रही है। 2027 विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी, और पीडीए की आवाज़ बुलंद होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आजम खान और उनके पूरे परिवार पर झूठे मुकदमे लगाकर परेशान किया। “भाजपा सरकार ने परिवार को बहुत तकलीफ और परेशानी पहुंचाई। ऐसा लगता है भाजपा सरकार अन्याय और अत्याचार का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को नुकसान पहुंचा रहे हैं, वह सब कुछ बर्बाद कर रहे हैं। “समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर मुहम्मद आजम खान साहब पर लगे सभी झूठे मुकदमे खत्म किए जाएंगे। इसके साथ ही अन्य तमाम लोगों पर लगे झूठे मुकदमे भी वापस लिए जाएंगे।”

पीडीए के लोगों का हर अपमान
एसपी अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और आदिवासी समाज के लोगों को अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंकने जैसी घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि पीडीए समाज के लोग हर क्षेत्र में अपमानित हुए। रामपुर में आजम खान और अखिलेश यादव की यह मुलाकात राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही है।

